Wednesday, 4 November 2015

सलमान के पिता ने किया मोदी का बचाव

 फाइल फोटो: पीएम मोदी के साथ सलमान खान।
 देश में असहनशीलता बढ़ रही है या नहीं, इस मुद्दे पर चल रही बहस के बीच बॉलीवुड स्टार सलमान खान के पिता सलीम खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव किया है। एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में सलीम ने साफ तौर पर कहा कि मोदी कतई कम्युनल नहीं हैं। सलीम ने कहा कि मुस्लिमों के रहने के लिए पूरी दुनिया में भारत से अच्छा देश हो ही नहीं सकता। सलीम ने कहा, “अगर मुसलमान इस देश में रहना चाहते हैं तो उन्हें देश और इसके कल्चर की इज्जत करनी होगी।” अपनी बेबाकी के लिए मशहूर इस स्क्रिप्ट राइटर ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैं कतई कम्युनल नहीं मानता और पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि वे 'सबका साथ-सबका विकास' में विश्वास रखते हैं। दुनिया में माइनरिटीज के रहने के लिहाज से भारत से अच्छा देश हो ही नहीं सकता। मैं मुसलमानों से पूछना चाहता हूं कि क्या वे पाकिस्तान, अफगानिस्तान, इराक या ईरान में जाकर रहना पसंद करेंगे? अगर भारत ही वह अकेला देश है, जहां आप रहना चाहते हैं, क्योंकि आपको यही घर लगता है तो देश और इसके कल्चर का सम्मान कीजिए। आपसी प्रेम से रहिए।”
कुछ लेखकों और कलाकारों द्वारा लौटाए गए पुरस्कारों का समर्थन करते हुए सलीम ने कहा कि सरकार को इन्टॉलरेंस के मुद्दे पर कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, “इस बात को मान लेना चाहिए कि कहीं न कहीं प्रॉब्लम तो है और इसे आपसी बातचीत से हल किया जाना चाहिए। जिन लोगों ने अवॉर्ड लौटाए हैं, वे पढ़े-लिखे और समझदार लोग हैं। उनकी बात सुनी जानी चाहिए और सरकार में बैठे लोगों को प्रॉब्लम का हल खोजना चाहिए।”
अवॉर्ड वापस करने वाले लोगों को नसीहत देते हुए सलीम ने कहा, “जो लोग अवॉर्ड वापस कर रहे हैं, उनसे मैं कहना चाहूंगा कि वे ऐसा करने से पहले एक बार सरकार को लिखें, बजाए इसके कि बिना बातचीत किए पुरस्कार वापस कर दें।” एफटीआईआई के चेयरमैन मुद्दे पर सलीम ने कहा, “अगर गजेंद्र चौहान के पास सेल्फ रिस्पेक्ट है तो उन्हें खुद ही रिजाइन कर देना चाहिए, क्योंकि जिन लोगों के साथ उन्हें काम करना है, वे लोग ही उनको पसंद नहीं कर रहे हैं।”

No comments:

Post a Comment