Thursday, 26 November 2015

नीतीश ने निभाया महिलाओं से किया वादा, 1 अप्रैल से बिहार में बंद होगी शराब

सीएम नीतीश कुमार की फाइल फोटो। बिहार में अगले साल 1 अप्रैल से शराब पर पाबंदी लग सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को एक प्रोग्राम में इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी से रेवेन्यू कम होगा, लेकिन कोई दूसरा ऑप्शन खोजा जाएगा। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। बिहार में पिछले साल शराब से 3500 करोड़ रुपए का रेवेन्यू आया था। बता दें कि पिछले महीने विधानसभा चुनाव के दौरान एक इवेंट में उन्होंने बिहार की महिलाओं से वादा किया था कि फिर सरकार बनी तो शराब पर बैन लगाया जाएगा।
नीतीश ने क्या कहा?
> नीतीश ने कहा कि शराब से अधिक नुकसान गरीबों को होता है।
> जो मजदूर रोज कमाई करते हैं, वह पैसा शराब पर खर्च कर देते हैं। इससे परिवार की स्थिति और खराब होती है।
> महिलाओं पर अत्याचार भी होता है। गरीब देशी और मशालेदार शराब पीते हैं। इस आदत से स्वास्थ्य तो खराब होता ही है, पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है।
महिलाओं से कहां किया था वादा?
> पिछले महीने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में एक इवेंट के दौरान नीतीश पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी स्पीच खत्म की थी, महिलाओं ने शराब पर बैन लगाने की मांग कर दी।
> महिलाओं ने कहा था कि शराब के कारण उनका घर बर्बाद हो रहा है। शराब पीकर लोग मर रहे हैं। शराबखोरी नहीं होनी चाहिए और यह बंद होनी चाहिए।
> इस पर नीतीश कुमार ने कहा था कि अगली बार हमारी सरकार बनी, तो बिहार में शराबबंदी लागू की जाएगी।
बिहार में शराबबंदी पर बयान
गिरिराज ने कहा-नीतीश लालू से कराएं घोषणा
केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने लालू जी से पूछकर यह फैसला लिया है। यह बेहतर होता कि नीतीश कुमार लालू प्रसाद से ही शराबबंदी की घोषणा कराते।
शराबबंदी का चिराग ने किया स्वागत
लोजपा सांसद चिराग पासवान ने कहा कि सरकार के शराबबंदी के फैसले का हम लोग स्वागत करते हैं। शराब से नई पीढ़ी बर्बाद हो रही थी। शराबबंदी का कड़ाई से पालन होना चाहिए।

No comments:

Post a Comment