बीसीसीआई को इस सीरीज के बारे में सरकार से अभी कोई जवाब नहीं मिला है और बीसीसीआई का कहना है कि प्रस्तावित सीरीज पर सरकार का फैसला अंतिम होगा। बीसीसीआई ने सरकार की अनुमित के लिए विदेश मंत्रालय से सम्पर्क किया था। हालांकि दिन में आईपीएल के अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने यह कहकर सुर्खियां बना दी थीं कि दोनों टीमों के बीच श्रीलंका में सीरीज खेलने को लेकर सहमति हो गई है।
शुक्ला ने श्रीलंका के लिए स्थल की बात तो कह दी है लेकिन पीसीबी के अध्यक्ष शहरयार खान अभी श्रीलंका के लिए तैयार नहीं हैं। इस बीच गृहमंत्रालय का कहना है कि उसे दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को शुरू करने को लेकर सुरक्षा क्लीयरेंस के बारे में बीसीसीआई से कोई संदेश नहीं मिला है क्योंकि मैच भारत में नहीं होने हैं।
आमतौर पर गृहमंत्रालय सुरक्षा क्लीयरेंस तभी देता है जब देश में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच होता है। किसी तीसरे देश में मैच होने की स्थिति में पहले क्लीयरेंस देना विदेश मंत्रालय का काम है जिसके बाद ही गृहमंत्रालय अपनी कोई सुरक्षा टीम भेजता है।
शहरयार ने लाहौर में मीडिया से साफ कहा कि स्थल को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं किया गया है और उन्होंने इंग्लैंड में अगली गर्मियों में भारत-पाकिस्तान सीरीज होने की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया जैसा कि पाकिस्तान में रिपोर्ट किया गया था।
पीसीबी अध्यक्ष ने कहा, 'श्रीलंका और बांग्लादेश दोनों के सकारात्मक और नकारात्मक पहलू हैं लेकिन अभी हमने कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। श्रीलंका में बारिश की समस्या है और हम नहीं चाहते कि हमें कोई मैच खेले बगैर लौटना पड़े। बांग्लादेश एक अच्छा स्थल है और वहां के बोर्ड के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं। हमें बांग्लादेश में काफी समर्थन भी मिलता है। इसलिए इन्हीं दोनों जगहों के बीच फैसला होना है और इंग्लैंड को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं है जैसा कि हमारे यहां मीडिया में पेश किया गया था।'
No comments:
Post a Comment