Tuesday, 3 November 2015

जिया खान की मौत की जांच अमेरिकन एजेंसी एफबीआई के हवाले

अभिनेत्री जिया खान की मौत की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है. जिया की मां राबिया खान मुंबई पुलिस से संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने इस जांच में यूएस अधिकारियों की मदद मांगी थी. खबर है कि एफबीआई ने इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए हामी भर दी है और जांच एजेंसी ने भारत से संपर्क साधने का भी प्रयास किया है.
सूत्रों ने बताया कि मुंबई पुलिस की जांच पड़ताल से असंतुष्ट राबिया खान बॉम्बे हाई कोर्ट जाने का सोच रही हैं. वे चाहती हैं कि मामले की जांच किसी विशेष जांच टीम या सीबीआई द्वारा हो. इस बीच, राबिया ने यूएस अधिकारियों को चिट्ठी लिखकर एफबीआई के हस्तक्षेप की भी इच्छा जाहिर की है. जिया एक अमेरिकन नागरिक थीं.
खबर है कि एफबीआई ने इस मामले में मुंबई पुलिस को मदद देने पर अपनी सहमति दे दी है. हालांकि अभी भी एजेंसी भारतीय अधिकारियों की रजामंदी का इंतजार कर रही है.
भले ही पिछले हफ्ते मुंबई पुलिस ने जिया को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में सूरज पंचोली के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए हैं, लेकिन राबिया खान इससे संतुष्ट नहीं है. उन्हें शक है कि पुलिस इस मामले से संबंधित जरूरी तथ्य छिपाने की कोशिश कर रही हैं.
गौरतलब है कि अभिनेत्री जिया खान पिछले साल तीन जुलाई को जुहू स्थित अपने घर में मृत पाई गई थी. उनकी मौत के लिए जिया के ब्यॉयफ्रेंड को जिम्मेदार ठहराया जा रहा था.

No comments:

Post a Comment