Tuesday, 3 November 2015

'चीन के अधिकतर ऑनलाइन उत्पाद घटिया'

अलीबाबा जैसी चीन की ई-वाणिज्य क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों को बड़ा झटका देते हुए चीन के नीतिनिर्माताओं को एक आधिकारिक रिपोर्ट सौंपी गई है जिसमें कहा गया कि पिछले साल ऑनलाइन कारोबार के जरिए आपूर्ति किए गए सिर्फ 58.7 प्रतिशत उत्पादों की गुणवत्ता अच्छी थी जबकि शेष 40 प्रतिशत से अधिक उत्पाद घटिया या नकली थे। रिपोर्ट के अनुसार उपभोक्ताओं के अधिकार और हितों के संरक्षण पर बने कानून के लागू होने के बाद से देशभर में वाणिज्य अधिकारियों को ऑनलाइन आर्डर के बारे में 77,800 शिकायतें प्राप्त हुई। यह इस तरह के आर्डर की शिकायतों में 356.6 प्रतिशत
की भारी वृद्धि थी।  शिन्ह्वा समाचार एजेंसी ने कहा कि यह रिपोर्ट नीति निर्माताओं की एक समिति को सौंपी गई जिसमें ऑनलाइन व्यापार के प्रबंधन में सख्ती की अपील की गई है। रिपोर्ट में कहा गया कि चीन ने पिछले साल विश्व के सबसे बड़े ऑनलाइन खुदरा बाजार (442 अरब डॉलर) के तौर पर अमेरिका (300 अरब डालर) को पछाड़ दिया। रिपोर्ट में वाणिज्य मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि देश का आनलाइन खुदरा कारोबार सालाना 40 प्रतिशत बढ़कर पिछले साल 2800 अरब युआन (442 अरब डॉलर) का हो गया। इस दौरान नकली उत्पादों का विनिर्माण और बिक्री इस क्षेत्र के लिए प्रमुख चिंता रही। चीन के इंटरनेट नेटवर्क सूचना केंद्र ने कहा, कि पिछले पांच साल के दौरान इंटरनेट चीन की आर्थिक प्रगति में इंटरनेट महत्वपूर्ण बन गया है। देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इसका सात प्रतिशत योगदान हो गया है।

No comments:

Post a Comment