Saturday, 21 November 2015

'राहुल की लोकप्रियता से हताश हैं बादल : अमरिंदर

सुखबीर के आरोपों पर कांग्रेस नेता अमरिंदर का पटलवार- 'राहुल की लोकप्रियता से हताश हैं बादल'नई दिल्ली: लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता अमरिंदर सिंह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि कांग्रेस कट्टरपंथियों एवं राष्ट्र विरोधी ताकतों का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल अपनी खुद की विफलता का दोष कांग्रेस पर मढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। अमरिंदर सिंह ने कहा, हमें देशभक्ति और राष्ट्रवाद पर सुखबीर बादल जैसे किसी व्यक्ति से सीख लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने हाल में अमृतसर में आयोजित सिखों के धार्मिक जमावड़े 'सरबत खालसा' का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पर बड़ी संख्या में लोगों का जुटना बादल सरकार के खिलाफ 'गुस्से' की अभिव्यक्ति थी और वह खालिस्तान का समर्थन करने के लिए नहीं था, जैसा सुखबीर बादल और सिमरनजीत सिंह मान मिलकर पेश कर रहे हैं। सुखबीर के दावों पर कि उनके पास इसके सबूत हैं कि सरबत खालसा में किस तरह से राष्ट्र विरोधी प्रस्ताव तैयार किए गए और पारित हुए, अमरिंदर ने कहा कि राज्य के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के तौर पर वह क्या कर रहे थे।  उन्होंने सवाल किया, क्या उनकी जिम्मेदारी कांग्रेस पर आरोप लगाकर समाप्त हो जाती है। बेहतर होगा कि वह नैतिक जिम्मेदारी लें और त्यागपत्र दे दें। अमरिंदर ने दावा किया कि सुखबीर खुद की गलतियों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराकर अपनी हताशा और उस 'पूर्वाग्रह' को प्रतिबिंबित कर रहे हैं, जिससे वह ग्रस्त हैं।

No comments:

Post a Comment