Saturday, 1 August 2015

बीजेपी ने लगवाए पोस्टर, 'केजरीवाल सर' से मांगा विज्ञापन के खर्च का हिसाब

नई दिल्ली. राजधानी में आप और बीजेपी के बीच पोस्टर वॉर जारी है। केजरीवाल सरकार द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने वाले पोस्टर लगवाए जाने के बाद अब बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी ने कुछ पोस्टर लगवाकर 'केजरीवाल सर' से विज्ञापनों पर किए जाने वाले खर्च पर जवाब मांगा है। बता दें कि इससे पहले सीएम अरविंद केजरीवाल की ओर से दिल्ली में लगवाए गए पोस्टर व होर्डिंग्स में 'प्रधानमंत्री सर' से दिल्ली पुलिस का कंट्रोल उन्हें सौंप दिए जाने की डिमांड की गई थी।
क्या है बीजेपी के पोस्टर्स में
दिल्ली की सड़कों पर 'केजरीवाल सर' से जवाब मांगते हुए ये पोस्टर प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल की तरफ से लगवाए गए हैं। पोस्टरों में दिल्ली सरकार के 526 करोड़ के विज्ञापन बजट का जिक्र करते हुए कहा गया है कि इतने पैसे से महिला सुरक्षा के लिए 5 लाख सीसीटीवी कैमरा लगाए जा सकते थे। 200 नए स्कूल या 50 कॉलेज खोले जा सकते थे। 2000 नई बसें खरीदी जा सकती थीं। 1000 कॉलोनियों में पीने के पानी की व्यवस्था की जा सकती थी। 5 लाख लोगों को पेंशन दी जा सकती थी। इन पोस्टर्स के जरिए बीजेपी ने दिल्ली सरकार को इस पैसे का जनहित के लिए इस्तेमाल करने के कई सुक्षाव दिए हैं।
राजनीतिक रूप से बेरोजगार हो गई है बीजेपी
आप प्रवक्ता दिलीप पांडे ने कहा है कि पोस्टर बीजेपी की हताशा को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आप को जिस तरह का जनादेश दिया है उससे दिल्ली में बीजेपी के नेता बेरोजगार हो गए हैं। इसी हताशा में वे अजीब किस्म की राजनीति कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि हमें इससे कुछ फर्क नहीं पड़ता। दिल्ली सरकार दिल्ली की जनता के हित में काम करती रहेगी।

No comments:

Post a Comment