Monday, 17 August 2015

कल होगा पाकिस्तानी आतंकी नावेद का लाई डिटेक्टर टेस्ट, कोर्ट ने दी इजाजत

नई दिल्ली. उधमपुर में पकड़े गए आतंकी मोहम्मद नावेद उर्फ उस्मान का मंगलवार को सीजीओ कॉम्प्लेक्स में दिन में 11 बजे लाई डिटेक्टर टेस्ट होगा। सोमवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने एनआईए को इस बात की इजाजत दी। कोर्ट में पेशी के लिए नावेद को जम्मू-कश्मीर से प्लेन से दिल्ली लाया गया था। इस बीच, एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि नावेद पाकिस्तान लौटकर लश्कर-ए-तैयबा के उन लोगों को मारना चाहता है, जिन्होंने उसे फिदायीन हमला करने के लिए भारत भेजा था। नावेद से हुई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बीएसएफ की बस पर हमले से पहले उसे सफेद टैबलेट खाने को कहा गया था। इससे उसका दिमागी संतुलन बिगड़ गया। 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के नरसू नाला इलाके में नावेद ने अपने साथी के साथ बीएसएफ की बस पर हमला बोल दिया था। बाद में उसे गांववालों ने दबोचा था।
5 वीं क्लास का ड्रॉपआउट है नावेद
पूछताछ में पता चला है कि नावेद ने पांचवीं क्लास में ही पढ़ाई छोड़ दी थी। उसे जुआ खेलने की लत है। लश्कर-ए-तैयबा के मौलवी से फैसलाबाद की मस्जिद में मिलने से पहले उसकी जिंदगी का कोई मकसद नहीं था। मौलवी बशीर नावेद का मेंटर बन गया। उसे जिहाद के रास्ते पर आगे बढ़ाने लगा। उसे भारत में खासकर जम्मू-कश्मीर में मुस्लिमों पर कथित तौर पर हो रहे जुर्म के वीडियो दिखाए गए। उसने तीन कोर्स किए। पहला फिजिकल फिटनेस, दूसरा हथियार चलाने की ट्रेनिंग और तीसरी ट्रेनिंग में उसे फिदायीन हमले को अंजाम देना सिखाया गया। इसके बाद नावेद को 2 जून को हमले के लिए भेज दिया गया।
नावेद के पकड़े जाने से बौखला गया हाफिज सईद
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बीएसएफ के सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने वाले लश्कर आतंकी नावेद के पकड़े जाने से जमात उद-दावा चीफ हाफिज मोहम्मद सईद बौखलाया हुआ है। उसने पिछले दिनों इस्लामाबाद में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआईएस के अफसरों के साथ मुलाकात कर इस बारे में बातचीत की थी।
हाफिज का बेटा उधमपुर हमले के पीछे
तल्हा सईद को बीएसएफ पर हुए हमले के पीछे का संदिग्ध मास्टरमाइंड माना जा रहा है। नावेद ने पूछताछ में तल्हा का नाम लिया था। नावेद अभी एनआईए (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की कस्टडी में है। उसे उधमपुर में आम लोगों की मदद से गिरफ्तार किया गया था। उसे पहले जम्मू लगाया गया था, जहां ज्वाइंट इंटरोगेशन सेंटर में उससे पूछताछ हुई। इसके बाद उसे श्रीनगर के अलावा उन इलाकों पर ले जाया गया, जहां वह और उसके साथी रुके थे। हाल ही में उसे एनआईए की टीम दिल्ली ले आई थी।
बार-बार बयान बदल रहा नावेद
एनआईए के सूत्रों ने बताया कि अब तक की पूछताछ के दौरान नावेद बड़ी तेजी से अपने बयान बदलता रहा है। वह भारत में घुसने के बारे में पूछे जाने पर चार अलग-अलग रूट्स के बारे में बता चुका है। नावेद ने पाकिस्तान में दो आतंकी गुटों से ट्रेनिंग लेने की बात कबूली है। नावेद पूछताछ में जमाद-उद-दावा के चीफ हाफिज सईद के बेटे तल्हा हाफिज से मिलने की बात भी कबूल चुका है। नावेद अपने बयान से जिस तरह के कन्फ्यूजन पैदा कर रहा है, वह लश्कर की आतंकी ट्रेनिंग का हिस्सा है।

No comments:

Post a Comment