Thursday, 6 August 2015

सेंसेक्स 75 अंक चढ़कर दो सप्ताह के शीर्ष पर

मुंबई : बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स गुरुवार को 75 अंक के लाभ के साथ दो सप्ताह के नए उच्चस्तर 28,298.13 अंक पर पहुंच गया। विदेशी कोषों का प्रवाह बढ़ने और खुदरा निवेशकों की सतत लिवाली से सेंसेक्स चढ़ा है। पिछले सात में से छह सत्रों में सेंसेक्स में बढ़त दर्ज की गई है।
पूंजीगत सामान, स्वास्थ्य सेवा और टिकाउ उपभोक्ता कंपनियों के शेयरों में लाभ से सेंसेक्स में तेजी आई। बड़ी कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजों से भी बाजार धारणा को बल मिला। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन :ईपीएफओ: द्वारा अगले वित्त वर्ष में शेयरों में अधिक निवेश करने का रास्ता साफ होने से भी बाजार धारणा को बल मिला। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के रख के साथ खुलने के बाद मुनाफावसूली से नीचे आया। हालांकि, बाद में यह उबरकर दिन के उच्चस्तर 28,359.96 अंक तक गया। अंत में सेंसेक्स 75.05 अंक या 0.27 प्रतिशत के लाभ के साथ 28,298.13 अंक पर बंद हुआ।
कल सेंसेक्स 151.15 अंक चढ़ा था। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 8,600 अंक के स्तर को फिर छूने के बाद अंत में 20.70 अंक या 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,588.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 18 लाभ में रहे, जबकि 12 में नुकसान रहा। फार्मा कंपनियों में डा. रेड्डीज का शेयर 1.79 प्रतिशत के लाभ के साथ 4,270.10 रुपये पर पहुंच गया। ल्यूपिन के शेयर में 1.37 प्रतिशत, सनफार्मा में 0.64 प्रतिशत और सिप्ला में 0.51 प्रतिशत का लाभ रहा।

No comments:

Post a Comment