Sunday, 9 August 2015

24 की हुईं 'शाकालाका बूम-बूम' गर्ल, अब टॉलीवुड में कर रहीं काम

मुंबई. 10 साल की उम्र में शो 'शाकालाका बूम-बूम' से छोटे परदे पर एंट्री और 16 की उम्र में बड़े परदे पर कदम रखने वाली बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी 24 साल की हो गई हैं। 9 अगस्त 1991 को उनका जन्म मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था। उनके पिता प्रदीप मोटवानी एक बिजनेसमैन हैं, जबकि मां मोना डर्मेटोलॉजिस्ट हैं। उनका एक भाई भी है, जिसका नाम प्रशांत मोटवानी है। वे एक बुद्धिष्ट हैं और उनकी मातृभाषा सिंधी है।
हंसिका ने मुंबई के पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल और इंटरनेशनल क्यूरिकुलम स्कूल से पढ़ाई की है। उन्हें कई तरह के सोशल वर्क्स में इन्वॉल्व देखा जा सकता है। फिलहाल, वे 25 अनाथ बच्चों की शिक्षा का खर्च उठा रही हैं। वे शहरी इलाकों में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए चलाए जा रहे अभियान 'चेन्नई टर्न्स पिंक' की ब्रांड एंबेसडर हैं।
10 साल की उम्र में एक्टिंग की शुरुआत
मात्र 10 साल की उम्र में हंसिका ने स्टार प्लस के फेमस शो 'शाकालाका बूम-बूम' (2000-2004) के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। यह शो जादू पर आधारित एक फिक्शन शो था, जिसकी कहानी लीड कैरेक्टर संजू (किंशुक वैद्य) की जादुई पेंसिल के इर्द-गिर्द रची गई थी। हंसिका ने इस शो में अहम किरदार करुणा/शूना को छोटे परदे पर जिया था।
इन टीवी सीरियल्स में किया काम
>>शाकालाका बूम-बूम (2001-2004)
>>देश में निकला होगा चांद (2001-2003)
>>क्योंकि सास भी कभी बहू थी (2002)
>>सोन परी (2002)
>>करिश्मा का करिश्मा (2003)
>>हम दो हैं न (2004-05)
बॉलीवुड में एंट्री
हंसिका ने जिस तरह बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस छोटे परदे पर कदम रखा, ठीक उसी तरह उनकी एंट्री बड़े परदे पर हुई। बड़े परदे पर सबसे पहले उन्होंने फिल्म 'हवा' (2003) में तब्बू की बेटी का किरदार निभाया था। हालांकि, उन्हें असली पहचान 2003 में ही आई फिल्म 'कोई...मिल गया' से मिली। ऋतिक रोशन और प्रिटी जिंटा स्टारर इस फिल्म में हंसिका ऋतिक की दोस्त की भूमिका में थीं। इसके अलावा उन्होंने 'आबरा का डाबरा'(2003), 'जागो'(2004) और 'हम कौन हैं'(2004) में भी बाल कलाकार की भूमिका निभाई थी।
16 की उम्र में मिला पहला एडल्ट रोल
2007 में हंसिका सिंगर टर्न्ड एक्टर हिमेश रेशमिया स्टारर फिल्म 'आप का सुरूर' में पहली बार एडल्ट रोल में नजर आई थीं। वे इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस थीं और इस समय उनकी उम्र मात्र 16 साल थी। हालांकि, उनकी डेब्यू बॉलीवुड फिल्म फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद वे 2008 में 'मनी है तो हनी है' में नजर आईं। इसके बाद अब तक हंसिका की कोई बॉलीवुड मूवी नहीं आई है।
साउथ इंडस्ट्री में एक्टिव
बॉलीवुड में खास पहचान बनाने में असफल रहीं हंसिका ने साउथ इंडस्ट्री का रुख किया। टॉलीवुड में उनका करियर सफल रहा हैं और उन्होंने कन्नड़, तमिल और तेलुगु भाषाओं में करीब 26 फिल्मों में काम किया है। साउथ में वे कई नामी एक्टर्स के साथ काम कर चुकी हैं और कई अवॉर्ड्स भी जीत चुकी हैं।

No comments:

Post a Comment