नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अलका लांबा पर
रविवार को कश्मीरी गेट के यमुना बाजार में हमला हुआ। हमले में लांबा का सिर
फूट गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हमले को लेकर आप
ने बीजेपी पर निशाना साधा है। आप लीडर कुमार विश्वास ने सीधे पीएम नरेंद्र
मोदी को निशाने पर ले लिया। विश्वास ने ट्वीट किया- जिल्लेसुभानी का "बेटी
बचाओ" आन्दोलन.यही सब कीचड़-हमला-अपयश रणनीति दिल्ली में की थी,यही परिणाम
पंजाब में मिलेगा भक्तों।
आशुतोष ने भी बीजेपी की ओर इशारा किया
आप के सीनियर लीडर आशुतोष ने ट्वीट कर इस हमले के लिए बीजेपी को
जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ''स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी दी
है कि जिन लोगों ने अलका लांबा पर हमला किया वह एक मिठाई की दुकान में काम
करते हैं। मिठाई की दुकान बीजेपी के विधायक ओम प्रकाश शर्मा की है।''
हालांकि, उन्होंने बाद में यह भी कहा कि उन्होंने किसी पर सीधे आरोप नहीं
लगाया है। आशुतोष ने कहा, ''हम सिर्फ इतना कह रहे हैं कि यह साफ नहीं है कि
यह संयोग है या साजिश। हम सिर्फ उन्हीं फैक्ट्स को रख रहे हैं जो स्थानीय
लोगों ने बताए।''
लांबा ने कहा- सिर भले ही फूटे, नहीं छोड़ूंगी मैदान
आप की विधायक 'नशा मुक्त भारत' अभियान चला रही हैं। आप समर्थकों ने
इसे '9 अगस्त क्रांति दिवस' का नाम दिया है। वह नशे के खिलाफ कैंपन करने
गईं थीं। अपने ऊपर हमले की जानकारी लांबा ने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने
ट्वीट कर कहा, '' 9 अगस्त क्रांति दिवस.. नशे के खिलाफ यह जंग जारी रहेगी..
यह हमारी जिद्द है... नशे के खिलाफ लड़ाई का अंजाम... मुझ पर हमला कर मेरा
सिर फाड़ दिया गया, खून बहने के बावजूद भी मैं मैदान नहीं छोडूंगी.. अगस्त
क्रांति दिवस..।'' हॉस्पिटल में इलाज के बाद लांबा ने कहा, ''कुछ लोग नहीं
चाहते है कि दिल्ली में नशा खत्म हो, इसलिए वे हमले की साजिश कर रहे हैं।''
No comments:
Post a Comment