Monday, 10 August 2015

यूपी: थाने के टॉयलेट में लड़की ने लगाई फांसी, नाराज घरवालों ने फूंकी पुलिस जीप

सीतापुर (उत्तर प्रदेश). सीतापुर के महमूदाबाद पुलिस स्टेशन के अंदर सोमवार को एक लड़की ने फांसी लगा ली। उसका नाम जीनत (19) है। लड़की के घरवालों ने पुलिस पर रेप और मर्डर का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने इसे खुदकुशी का मामला बताया है। लड़की रविवार शाम घर से गायब हो गई थी। लाश मिलने के बाद लड़की के घरवालों ने थाने में जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस की एक जीप में आग लगा दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी आंसूगैस के गोले छोड़े। इससे भीड़ और भी आक्रोशित हो गई और पुलिसवालों पर पथराव करने लगी। इससे डीईजी, एसपी सहित कई लोग घायल हुए हैं। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी है। इसमें एक युवक की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है।
यह है मामला
सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम जीनत का अपने भाई से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद वह घर छोड़कर चली गई। सोमवार सुबह फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के एक गार्ड ने जीनत को नहर में छलांग लगाते देखा। गार्ड ने उसे रोका और पुलिस स्टेशन ले आया। पुलिस स्टेशन में जीनत पर नजर रखने के लिए एक कॉन्स्टेबल की ड्यूटी लगाई गई थी। इस दौरान जीनत टॉयलेट गई। वह काफी देर तक बाहर नहीं आई। कॉन्स्टेबल ने कई बार आवाज लगाई। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कॉन्स्टेबल ने अपने अफसरों को जानकारी दी। कुछ देर बाद टॉयलेट का गेट तोड़ा गया तो लड़की की लाश मिली। उसके गले में उसके ही दुपट्टे से बना फंदा लगा हुआ था।
क्या कहती है पुलिस
लखनऊ रेंज के डीआईजी ज़की अहमद ने कहा, “यह सीरियस केस है और इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।” लोकल पुलिस का कहना है कि लड़की ने पहले भी सुसाइड की कोशिश की थी।

No comments:

Post a Comment