Tuesday, 11 August 2015

पुलिस ने दी जान की धमकी: योगेंद्र; मिलने पहुंचे संजय सिंह को समर्थकों ने खदेड़ा

नई दिल्ली. लैंड बिल के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान अरेस्ट किए गए योगेंद्र यादव से मिलने के लिए सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह थाने में पहुंचे। लेकिन योगेंद्र के समर्थकों ने उन्हें धक्का देकर वहां से चले जाने को मजबूर कर दिया। हालांकि, योगेंद्र को मंगलवार शाम रिहा कर दिया गया।
इससे पहले, अपनी गिरफ्तारी पर योगेंद्र यादव ने कहा, ''थाना इंचार्ज ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। पूरा देश देख रहा है कि मुझे कैसे खींचा और धकेला गया, जबकि हम किसानेां के लिए लड़ रहे थे। पुलिस तानाशाही वाला रवैया अपना रही है। यह सही नहीं है।'' इससे पहले मंगलवार सुबह योगेंद्र यादव का दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बचाव किया था।
संजय को योगेंद्र समर्थकों ने बताया गद्दार
संजय सिंह जब योगेंद्र यादव से मिलने संसद मार्ग थाने पहुंचे तो वहां मौजूद यादव के समर्थकों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संजय सिंह को 'गद्दार और धोखेबाज' कहते हुए योगेंद्र के सपोर्टर्स ने 'संजय सिंह वापस जाओ' के नारे लगाए। बता दें कि प्रशांत भूषण के साथ योगेंद्र यादव को भी कुछ महीने पहले केजरीवाल ने पार्टी से निकाल दिया था।
क्या कहा संजय सिंह ने
संजय सिंह ने कहा, ''विरोध की कोई भी वजह हो, वह मुझे नहीं पता। किसानों के हित में आंदोलन था इसलिए मैं आया था। अब ये लोग कह रहे हैं तो मैं वापस चला जा रहा हूं।'' जानकारी के मुताबिक, संजय सिंह को योगेंद्र के समर्थकों ने करीब 200 मीटर तक खदेड़ा और उनके साथ धक्कामुक्की भी की।
आशुतोष ने जताई नाराजगी
संजय सिंह का विरोध करने कर पर आप नेता आशुतोष ने ट्वीट कर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ‘योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को अपने समर्थकों की हरकत की आलोचना करनी चाहिए।’
केजरीवाल का ट्वीट
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ''दिल्ली पुलिस ने योगेंद्र यादव जी के साथ जिस तरह का बर्ताव किया, मैं उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। वे शांति से प्रदर्शन कर रहे थे। यह उनका हक है।'' ?
सोमवार रात योगेंद्र यादव और उनके करीब 90 समर्थकों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उन्हें मंगलवार को अरेस्ट कर लिया गया। बताया जा रहा है कि रैली में शामिल लोग जब प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने की कोशिश करने लगे, तो पुलिस ने इऩ लोगों को हिरासत में लिया। यादव ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने हिरासत में उनके साथ गलत बर्ताव किया और मार-पीट की। आप से निकाले गए योगेंद्र यादव का संगठन ‘स्वराज अभियान’ लैंड बिल बिल का विरोध कर रहा है। इसी सिलसिले में ये जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रशांत भूषण पहुंचे कोर्ट
यादव के साथी प्रशांत भूषण ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में पिटीशन दाखिल की है। इसमें उन्होंने कहा है कि यादव की गिरफ्तारी मूल अधिकारों के खिलाफ है। भूषण ने कहा कि यादव ने प्रदर्शन के लिए मंजूरी ली थी। वे कोई गैरकानूनी काम नहीं कर रहे थे। वहीं बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने योगेंद्र यादव की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगेंद्र यादव का समर्थन कर केजरीवाल सिर्फ पॉलिटिकल माइलेज लेना चाहते हैं। बाकी उन्हें योगेंद्र से कितनी हमदर्दी है, यह सब देख चुके हैं।
पुलिस का क्या कहना है ?
दिल्ली पुलिस का कहना है कि रैली की परमिशन सिर्फ शाम होने तक ही थी। पुलिस ने जब इन लोगों को यहां से जाने के लिए कहा तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और पीएम हाउस की ओर जाने की कोशिश करने लगे, जहां धारा 144 लगी हुई है। इसके बाद इन लोगों को हिरासत में लिया गया।

No comments:

Post a Comment