कोलंबो. श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा की विदाई
ने भारत-श्रीलंका के बीच हुए दूसरे टेस्ट मैच को यादगार बना दिया। मैच
जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टीम इंडिया के सभी
प्लेयर्स की तरफ से साइन की गई स्पेशल टी-शर्ट संगकारा को गिफ्ट की। इस
दौरान पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर अर्जुन रणतुंगा, पूर्व इंडियन क्रिकेटर
सुनील गावसकर भी मौजूद थे। रणतुंगा ने भी संगकारा को उनकी फोटो का स्केच
भेंट किया। अपनी फेयरवेल स्पीच में संगकारा ने उन सभी को शुक्रिया कहा जो
उस वक्त स्टेडियम में मौजूद थे।
भावुक हो गए संगकारा
मैदान पर बेहद ही आक्रामकता के साथ खेलने वाले 37 वर्षीय संगकारा के
चेहरे पर विदाई लेने के समय अपनी टीम के एक बड़े भाई जैसा विनम्र भाव था जो
अपने पीछे एक ऐसी क्रिकेट टीम छोड़कर जा रहे हैं जिसे अब श्रीलकाई क्रिकेट
का भविष्य संभालना है। बल्लेबाज संगकारा को जब कुछ कहने के लिए माइक दिया
गया तो वह अपने क्रिकेट करियर के इस आखिरी क्षण पर बेहद भावुक हो गए।
उन्होंने सबसे पहले अपने स्कूल प्रिंसीपल, कोच, अपने परिवार, प्रशंसकों और
फिर क्रिकेट टीम का इस समर्थन के लिये धन्यवाद किया। जैसे ही संगकारा ने
अपने परिवार की ओर देखा वे भावुक हो गए।
परिवार ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा
आंखों में आंसू और गला भरने के कारण संगकारा कुछ देर रुके और फिर
उन्होंने कहा, "मुझसे जब भी कहा जाता है कि मेरी प्रेरणा कौन है तो मैं
कहूंगा कि मेरा परिवार ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। मेरे परिवार ने मुझे
हमेशा समर्थन किया है और चाहे मैं जीतूं या हारूं मेरे साथ खड़े रहे।"
भावुक संगकारा ने खुद को संभालते हुए कहा, "मैं आपको शर्मिंदा नहीं करना
चाहता। मैं इस तरह से भावुक नहीं होना चाहता। मैं वैसे भावुक होता भी नहीं
लेकिन यह पल ऐसा है जब मेरा परिवार आज यहां मेरे लिए मौजूद है और मैं अपने
इतने सफल क्रिकेट करियर को अलविदा कहने जा रहा हूं।"
टीम और ड्रेसिंग रूम को बेहद याद करूंगा
पूर्व श्रीलंकाई कप्तान ने कहा, "मैं अपनी टीम और ड्रेसिंग रूम को
बेहद याद करूंगा। कितनी बार हम क्रिकेट के बारे में बात करते थे तो कितनी
ही बार बेवजह की बातें कर हंसा करते थे। टीम के साथ इतने लंबे समय तक बिताए
समय को मैं सबसे अधिक याद करूंगा। ये टीम मेरे लिए एक परिवार जैसी है और
अब श्रीलंकाई क्रिकेट का भविष्य इन्हें संभालना है।"
एंजिलो मैथ्यूज की प्रशंसा
उन्होंने मौजूदा कप्तान एंजिलो मैथ्यूज की प्रशंसा की और अपने टीम
साथियों को मजबूती से आगे बढ़ने की सलाह दी। संगकारा ने कहा, "मैथ्यूज आपने
टीम को बहुत अच्छी तरह से अब तक संभाला है और मुझे आप पर गर्व है। बिना
किसी डर के आगे बढ़ते रहना। डरने की जरूरत नहीं है और हिम्मत से इस टीम को
आगे ले जाने की जिम्मेदारी अब आपके कंधों पर है।"
टीम इंडिया को भी धन्यवाद
संगकारा ने श्रीलंका में अपने क्रिकेट फैन्स, साथी खिलाड़ियों और
विराट सहित टीम इंडिया के खिलाड़ियों को धन्यवाद भी कहा। उन्होंने कहा कि
भले ही श्रीलंका ये मैच हार गई हो, लेकिन भारतीय टीम ने इसे यादगार बना
दिया। टीम इंडिया दुनिया की सबसे ताकतवर टीमों में से एक हैं। इस दौरान
संगकारा ने श्रीलंकाई कप्तान एंजेलो मैथ्यूज को भी भविष्य के लिए
शुभकामनाएं दीं। उनकी फेयरवेल स्पीच से पहले श्रीलंका के खिलाड़ियों ने
उन्हें कंधे पर उठाकर घुमाया।
संगा के लिए गावसकर के बोल
इससे पहले श्रीलंकाई क्रिकेटर संगकारा को उनकी एक पेंटिंग भेंट की गई
और फिर भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावसकर ने संगकारा की प्रशंसा
करते हुए, कहा कि वह क्रिकेट के महान एम्बेसेडर हैं जो दुनियाभर के
क्रिकेटर्स के लिए हमेशा ही प्रेरणा बने रहेंगे। गावसकर ने काफी भावुकता के
साथ कहा, "संगा तुम्हारा नाम कुमार है और हमारे देश भारत में कुमार का
मतलब युवा होता है। तुम भले ही क्रिकेट से अब संन्यास ले रहे हो लेकिन मेरे
लिए तुम हमेशा ही युवा रहोगे जिसने इस खेल में पूरी जिम्मेदारी निभाई। आप
निश्चित ही क्रिकेटर्स न सिर्फ श्रीलंका बल्कि भारतीय क्रिकेटर्स के लिए भी
प्रेरणा हैं।"
एक महान खिलाड़ी इस खेल को कह रहा अलविदा
उन्होंने कहा कि यह काफी मिलाजुला दिन है जहां श्रीलंका टेस्ट हार गया
तो वहीं देश का एक महान खिलाड़ी भी इस खेल को अलविदा कह रहा है। गावसकर ने
कहा, "मुझे यकीन है कि आपके जाने के बाद भी देश के क्रिकेटर्स को आपकी
सलाह मिलती रहेगी।" पूर्व भारतीय कप्तान ने जेब में से एक लिफाफा निकालकर
संगकारा के हाथों में थमा दिया। इसके बाद गावसकर बोले संगा, "मैं आपको
पूर्व क्रिकेटर्स के क्लब में शामिल करना चाहता हूं यह उसी का निमंत्रण
है।" संगकारा इस पर बहुत तेजी से हंस पड़े और गावसकर से आकर गले मिले और
उनका निमंत्रण भी स्वीकार कर लिफाफा अपने पास रख लिया।
संगकारा को मिला नया ऑफरः
क्रिकेट से रिटायर होने के साथ ही कुमार संगकारा को करियर की दूसरी
पारी के लिए नया ऑफर भी मिल गया। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला
श्रीसेना ने उन्हें ब्रिटेन में उच्चायुक्त के पद की पेशकश की है। संगकारा
जब प्रेजेंटेशन के लिए मैदान पर आए तो श्रीलंकाई राष्ट्रपति उन्हें एक
स्मृति चिन्ह भेंट किया और साथ ही अपनी भाषा में ब्रिटेन के उच्चायुक्त के
पद का भी प्रस्ताव दे डाला। यह सुनकर स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों ने जोर
से तालियां बजाकर इस पर खुशी जाहिर की। संगकारा ने उस समय कुछ नहीं कहा
लेकिन वह इस ऑफर पर कुछ हैरत में पड़ गए और फिर मुस्कुरा दिए। राष्ट्रपति
श्रीसेना ने कहा, “संगकारा हमारे देश का चर्चित चेहरा हैं और मुझे उन्हें
ब्रिटेन में उच्चायुक्त के पद का प्रस्ताव देते हुए बहुत खुशी हो रही है।”
No comments:
Post a Comment