दमतुरु (नाइजीरिया). नाइजीरिया के योबे सूबे में टेररिस्ट
ऑर्गेनाइजेशन बोको हरम के हमले में कम से कम 150 लोग मारे गए। आतंकियों ने
यह हमला योबे के नॉर्थ-ईस्ट में बसे कुकुवागरी गांव में किया था। चश्मदीदों
के मुताबिक, आतंकियों की फायरिंग से बचने के लिए कई गांववाले नदी में कूद
गए। इसके चलते कई लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। यह हमला बीते
गुरुवार को हुआ था, लेकिन खबर अब सामने आई है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश
बंदूकधारियों ने गांव में टेलिफोन और इंटरनेट लाइन को भी काट दिया।
फायरिंग से बचने नदी में कूदे लोग, डूबे
कुकुवागरी गांव के ही मोदु बलूमी ने बताया कि दर्जनों आतंकी
मोटरसाइकिल और कार में सवार होकर आए। फिर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर
दी। बलूमी ने कहा, "गोलीबारी से बचने के लिए ज्यादातर लोगों ने पास की ही
एक नदी में छलांग लगा दी। हमले में कम से कम 150 लोग आतंकियों की गोली का
शिकार हुए या फिर उनकी डूबने से मौत हुई है।"
लोगों को बचाने वाले मछुआरे को भी भूना
बलूमी ने बताया कि एक मछुआरा नदी में डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आतंकियों ने उसे भी गोलियों से भून डाला।
मई से अब तक 900 मारे गए
2009 से अब तक बोको हरम के हमले में 15,000 से ज्यादा लोग मारे जा
चुके हैं। इस आतंकी समूह ने नाइजीरिया के अलावा पड़ोसी देश चाड और कैमरून
में भी हमले शुरू कर दिए हैं। बता दें कि मई के आखिर में मोहम्मदू बुहारी
के राष्ट्रपति बनने के बाद से बोको हरम ने बोर्नो प्रांत में हमले तेज कर
दिए हैं। यह आतंकी समूह मई से अब तक 900 से ज्यादा लोगों को मौत के घाट
उतार चुका है।
No comments:
Post a Comment