Saturday, 1 August 2015

लैंड डील: कपल को होना पड़ा अलग, पति आया भारत, बांग्लादेश में रुक गई पत्नी

कूच बिहार (प. बंगाल). भारत और बांग्लादेश के बीच लैंड डील के तहत भले ही 51,549 लोगों को अपने मुल्क की पहचान मिल गई, लेकिन इसके कारण एक कपल को अलग भी होना पड़ा। पति भारत में रहना चाहता था, जबकि पत्नी ने बांग्लादेश की नागरिकता लेने का फैसला लिया। इसके कारण डासिआरछारा के रहने वाले सरवार आलम और मरीना बेगम की चार साल पुरानी शादी टूट गई।
डासिआरछारा बांग्लादेश में 51 भारतीय इनक्लेव में से एक है, जिसके लोगों ने 31 जुलाई की आधी रात को भारत-बांग्लादेश में से अपना देश चुना। डासिआरछारा अब बांग्लादेश में आ गया है। वहीं, 111 बांग्लादेशी इनक्लेव अब भारत का हिस्सा हैं और 16,000 बांग्लादेशी अब भारतीय बन गए हैं। 

आखिरी वक्त में बदला फैसला
सरवार और मरीना दोनों की उम्र 20 साल है। सभी लोगों की तरह इन्हें भी इस बात की छूट थी कि वे भारत-बांग्लादेश में से किसी एक का चुनाव करें। यह प्रॉसेस 6 से 16 जुलाई के भीतर पूरी हुई। जानकारी के मुताबिक, कपल ने 9 जुलाई को भारत की नागरिकता अपनाने का फैसला लिया था, लेकिन अंतिम समय में सरवार की पत्नी मरीना ने अपना विचार बदल दिया। उसने अधिकारियों को बताया कि वह बांग्लादेश में ही रहना चाहती है। साउथ ब्लॉक के एक अधिकारी ने कहा कि चूंकि हमें यह बात 16 जुलाई के पहले बताई गई थी, इसलिए हमने इसे माना। इस कपल के दो बच्चे भी हैं। मरीना ने बांग्लादेश में ही रहने का फैसला लिया, जबकि आलम भारत में रहना चाहते हैं। डील पूरी हो जाने के बाद अब आलम को भारत आना होगा। साउथ ब्लॉक के अफसरों के सामने एक नहीं, ऐसे कई केस आए जहां किसी फैमिली के कुछ मेंबर बांग्लादेश में ही रहना चाहते थे और कुछ भारत में।
भारत इनक्लेव से कोई नहीं गया बांग्लादेश
सूत्रों का कहना है कि बांग्लादेश में भारत के इनक्लेव से 222 फैमिली के 979 लोग भारत में आ गए और उन्होंने यहां की नागरिकता ली है। 222 फैमिली में 146 हिंदू हैं और 76 मुस्लिम। वहीं, भारत में बांग्लादेश के 111 इनक्लेव में कोई भी भारत से बांग्लादेश जाने को तैयार नहीं हुआ।
दुर्गापूजा तक पूरी हो जाएगी प्रॉसेस
सूत्रों का कहना है कि बांग्लादेश से भारत जाने की यह प्रॉसेस मानसून के बाद ही पूरी हो सकेगी। एक अफसर ने बताया, ''लोकल अथॉरिटी का कहना है कि अक्टूबर में पड़ने वाले दुर्गापूजा के वक्त बांग्लादेश से भारत आने का बेस्ट टाइम होगा। डील पूरी हो जाने के बाद सभी लोग जिन्होंने भारत में रहना पसंद किया गया है, अगले महीने से आना शुरू कर देंगे।''

No comments:

Post a Comment