Wednesday, 19 August 2015

विरोध का डर? केजरीवाल-नीतीश के प्रोग्राम में उतरवाए गए महिलाओं के काले दुपट्टे

नई दिल्ली. दिल्ली में बुधवार को बिहार सम्मान समारोह में शामिल होने आईं महिलाओं से काले रंग के दुपट्टे उतरवा लिए गए। इस प्रोग्राम में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और बिहार के सीएम नीतीश कुमार एक मंच पर मौजूद थे। काले दुपट्टे उतरवाने का महिलाओं ने विरोध भी किया।
क्यों हटवाए गए दुपट्टे?
काले रंग के दुपट्टे हटवाने को लेकर दिल्ली सरकार का कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि कार्यक्रम में किसी तरह का हंगामा ना हो।
क्या पिछले प्रोग्राम में हुए हंगामे से डर गई सरकार?
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली में हुए प्रवासी बिहारी कार्यक्रम में काफी हंगामा हुआ था। नीतीश कुमार को काले झंडे दिखाए गए थे।
नीतीश ने कहा- बिहारियों को पता चले कि चांद पर बहाली होने वाली है तो वहां भी चले जाएं
इस प्रोग्राम में भी बिहार के सीएम नीतीश कुमार पीएम नरेंद्र मोदी की बातों का जवाब देने वाले अंदाज में ही दिखे। मोदी ने नीतीश के डीएनए का मुद्दा उठाया था। नीतीश ने इस प्रोग्राम में भी वही बात कही। उन्होंने कहा- ‘दशरथ मांझी पर बनी फिल्म बिहार का डीएनए दिखाती है। हम रेल मंत्री थे तो एक बार मुकदमा हो गया था। लेकिन बिहारियों को कहां-कहां से भगाओगे? बिहारियों में इतना दम है कि अगर पता चले की चांद पर बहाली होने वाली है तो वहां भी चले जाएंगे। बीमारू की बात करने वाले देख लें कि हमारी विकास दर का एवरेज 10% से ज्यादा है। हमने साढे 66 हजार किलोमीटर सड़क बनवाई। वहां तरक्की हो रही हैं, लेकिन ये कहते हैं बीमारू है। डीएनए मांगने पर हमने नाखून, बाल भेज दिए हैं... जांच कराइए। बिहार का अपमान करते हैं? सवा लाख करोड़ कब मिलेगा, कैसे मिलेगा बताते ही नहीं हैं।’
नीतीश ने मोदी को लपेटा, केजरीवाल की जमकर की तारीफ
नीतश ने कहा- केजरीवाल के कार्यक्रम में आने के लिए हम कभी भी तैयार हैं। यहां बिहार के पूर्वांचल की ताकत दिखती है। सभी ने केजरीवाल को वोट देकर एकदम ठीक काम किया है। रामलीला मैदान में हमने कहा था बिहारियों की ताकत इतनी है कि अगर वे तय कर लें कि एक भी दिन हम काम नहीं करेंगे तो दिल्ली दहल जाएगी। अबकी बार बिहार में यह साबित कर देना है। दिल्ली सरकार को इतना बड़ा जनादेश मिला है। लेकिन प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली का मूड है। दिल्ली के लोगों ने अपना मूड दिखा दिया। अरविंद केजरीवाल छाए हुए हैं।

No comments:

Post a Comment