Monday, 19 October 2015

-जालंधर में प्रदर्शनकारी और दुकानदार भिड़े, चली तलवारें


श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने के आरोप में 2 ग्रंथी व महिला गिरफ्तार
जालंधर/लुधियाना/अमृतसर। पंजाब में पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के आरोप में सोमवार को पुलिस ने दो ग्रंथियों व एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।     लुधियाना के गांव घवदी कलां मामले में पुलिस ने गुरुद्वारे के गं्रथी सिकंदर सिंह और गुरुद्वारे की सफाई सेविका बलविंद्र कौर गिरफ्तार किया है। पुलिस उक्त महिला से पूछताछ कर सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है। प्रैस कांफ्रैंस दौरान कमिश्नर परमराज सिंह उमरा नंगल ने बताया कि बलविद्र कौर पिछले 7 साल से गुरुद्वारे में सफाई सेविका थी। महिला ने खुद बेअदबी की बात कबूली है, जबकि सिकंदर ने इस बात को छुपाने की कोशिश की थी। पुलिस अब उनसे इस अपराध के पीछे का कारण जानने के लिए पूछताछ कर रही है।
    इसके अलावा अमृतसर जिले के निज्जापुरा गांव में एक गुरूद्वारे के एक ग्रंथी को पवित्र ग्रंथ को अपवित्र करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अमृतसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जसदीप सिंह सैनी ने कहा कि देर रात पुलिस को निज्जापुरा के गुरूद्वारे के एक ग्रंथी का फोन काल मिला कि तीन लोग जबरन धार्मिक स्थल के अंदर घुस आए और पवित्र ग्रंथ के पृष्ठों को फाड़ दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गुरूद्वारे में काम करने वाले अन्य लोगों के सामने ग्रंथी से पूछताछ की।’ सैनी ने कहा कि 30 वर्षीय ग्रंथी जगदीप सिंह ने स्वीकार कर लिया कि उसने ही अपराध को अंजाम दिया।
    वहीं राज्य में चल रहे हिंसक प्रदर्शन का असर जालंधर में भी देखने को मिला। यहां प्रदर्शनकारियों ने सभी रास्तों को जाम कर दिया और व्यस्ततम बाजारों में जबरन दुकानें बंद करवाई, जिससे प्रदर्शनकारियों और दुकानदारों के बीच झड़प तथा पथराव हुआ।
    पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि प्रदर्शनकारियों ने जालंधर शहर के रौनक बाजार, अटारी बाजार तथा माई हीरा गेट इलाके में जबरन दुकान बंद करवानी चाही। इस पर दुकानदारों ने इसका विरोध किया। माई हीरा गेट इलाके में स्थिति उस समय नाजुक हो गई, जब प्रदर्शनकारी और दुकानदार आपस में भिड़ गए और झड़प हो गई। इस दौरान तलवारें भी चलीं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों और दुकानदारों के बीच झड़प के बाद पथराव हुआ।
    वहीं अमृतसर में प्रदर्शनकारियों द्वारा जबरन दुकानें बंद करवाने पर तनाव है। नगर में कर्फ्यू जैसे हालात है। रामतीर्थ रोड पर दुकानों को जबरन बंद करवाने पर दुकानदारों और प्रदर्शनकारियों में तकरार हो गई। नगर में बाजार बंद हैं और पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।

No comments:

Post a Comment