Saturday, 31 October 2015

झोपड़ी में रहने वाले विधायक बंशीधर बौद्ध को बनाया मंत्री

सीएम अखिलेश यादव के साथ विधायक बंशीधर की फाइल फोटो।नेता बनने के बाद लोगों का रहन-सहन बदल जाता है। कोई महंगी गाड़ियों में घूमता दिखाई देता है तो कई आलीशान बंगले का मालिक बन जाता है। लेकिन यूपी के बहराइच जिले के विधायक बंशीधर बौद्ध ऐसे मंत्रियों और नेताओं के लिए मिसाल बन गए हैं। विधायक और अब मंत्री बनने के बावजूद वह झोपड़ी में रहते हैं और समय मिलने पर खेतों में काम भी करते हैं। एक वक्त था, जब घर के गुजारे के लिए बहराइच के बिछिया चौराहे पर वह साइकिल का पंचर बनाते थे। बता दें कि उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव ने शनिवार को कैबिनेट का विस्तार किया। 21 मंत्रियों को कैबिनेट में जगह दी गई। इसमें एमएलए बंशीधर बौद्ध को राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। इसकी एक वजह उनकी सादगी और ईमानदारी बताई जा रही है। वहीं, पंजाब में अकाली नेता रहे मुलायम के दोस्त रामूवालिया को भी मंत्री बनाया गया है। 
चौकीदार बनकर चोर-डाकुओं से बचाते थे डाक
बहराइच जिला मुख्यालय से करीब 120 किलोमीटर दूर कतर्निया वन्य जीव विहार में स्थित वनग्राम टेड़िया आज एक अलग पहचान बना चुका है और इसे पहचान दी है एक ऐसे शख्स ने जिसके परिवार वाले 40 साल पहले बलिया जिले को छोड़ रोजी-रोटी की तलाश में जंगलों के बीच यहां आकर बस गए। जंगल की ही जमीन पर खेती करने लगे। घने जंगलों में चोर-डाकुओं और जंगली जानवरों से डाक बचाने के लिए सेंट्रल स्टेट फॉर्म ने बंशीधर बौद्ध को चौकीदार की नौकरी दी। हालांकि, कुछ दिनों बाद उन्हें निकाल दिया गया। इसके बाद उन्होंने सत्ता की तरफ रुख किया।
राजनीति में की दमदार एंट्री
13 सितंबर 2014 के दिन समय ने ऐसी करवट ली कि सबकुछ बदल गया, वो दिन था बलहा विधानसभा का उपचुनाव। यह चुनाव बहराइच की मौजूदा बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले के बलहा विधानसभा से पद छोड़ने के कारण हो रहा था। बतौर सपा उम्मीदवार बंशीधर ने बलहा विधानसभा के उपचुनाव में प्रतिद्वंदी बसपा की किरण भारती को बड़े अंतर से हराकर राजनीति की दुनिया में कदम रखा। यूं तो बंशीधर की राजनीति की शुरुआत इससे काफी पहले हो चुकी थी और उन्होंने अपने इलाके का जिला पंचायत सदस्य के तौर पर दो बार प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन राजनीति में मजबूत एंट्री विधायक बनने के बाद हुई।
कभी बनाते थे पंचर
कभी घर के गुजारे के लिए बिछिया चैराहे पर साइकिल की पंचर बनाने वाले बंशीधर एक साल पहले आम से खास बन गए। लेकिन हैरानी की बात है कि सबकुछ बदलने के बाद भी बंशीधर नहीं बदले। सत्ताधारी पार्टी के विधायक होने के बाद भी आज बंशीधर झोपड़ी में ही रहते हैं और खेत में काम काम करते हैं।

No comments:

Post a Comment