Monday, 19 October 2015

हार्दिक पटेल के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज, तिरंगे का किया अपमान

अहमदाबाद। पाटीदार अनामत आन्दोलन समिति के संयोजक हार्दिक पटेल के खिलाफ राष्ट्रद्रोह और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोपों में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। हार्दिक के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला सूरत के उप पुलिस कमिश्नर मकरंद चौहान ने अमरोली पुलिस थाने में जबकि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला तापी जिले के मुख्यालय व्यारा में आदिवासी किसान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रोमेल सूतरिया ने दर्ज कराया है। हार्दिक के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला उनके द्वारा पटेल युवकों को आत्महत्या करने की बजाय दो-चार पुलिसकर्मियों को मारने संबंधी विवादास्पद बयान देने के लिए दर्ज कराया गया है। उसने यह बयान सूरत के एक युवक से मिलने के बाद दिया था। इस युवक ने पटेल समुदाय के लोगों के लिए नौकरी और शिक्षा में आरक्षण की मांग के समर्थन में आत्महत्या करने की धमकी दी थी। हार्दिक के खिलाफ राष्ट्र ध्वज के अपमान का मामला व्यारा पुलिस थाने में दर्ज कराया गया है। आरोप है कि उन्होंने राजकोट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच क्रिकेट मैच शुरू होने से कुछ मिनट पहले गिरफ्तार किए जाते वक्त कार की छत पर राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़ कर उसके डंडे का इस्तेमाल नारे लगा रहे लोगों को धमकाने के लिए किया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को एक कॉम्पैक्ट डिस्क भी दी है, जिसमें हार्दिक को राष्ट्रीय ध्वज उल्टा पकड़ कर कार की छत पर खड़े दिखाया गया है। व्यारा पुलिस इस मामले को राजकोट पुलिस को सौंप देगी, क्योंकि यह घटना वहीं हुई थी।

No comments:

Post a Comment