नई दिल्ली. इस हफ्ते दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल
(आईजीआई) के ऊपर और आसपास पांच बार संदिग्ध चीजें मंडराती देखी गईं। इस
बारे में खबर मिलने के बाद अब एयरफोर्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने तीन बार इन संदिग्ध चीजों
को देखा। सूत्रों का कहना है कि एयर फोर्स के एक हेलिकॉप्टर ने इस उड़ने
वाली चीज का पता लगाने के लिए उड़ान भी भरी, लेकिन वह कुछ पता नहीं लगा
पाया। एक अंग्रेजी अखबार ने यह जानकारी दी है।
एयर फोर्स के अफसर ने टावर से किया नोटिस
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को एयर फोर्स के एक अफसर ने सबसे पहले
इस उड़ने वाली चीज को नोटिस किया। एयरपोर्ट के एक अफसर ने बताया, “शुक्रवार
सुबह 10.44 बजे इंडियन एयर फोर्स (आईएएफ) का एक मेंबर दिल्ली एयरपोर्ट के
आईटीसी टावर पर मौजूद था। उसने सबसे पहले उड़ने वाली चीज रनवे नंबर पर 9-27
पर नोटिस किया। यह दिल्ली एयरपोर्ट का सबसे छोटा रनवे है। इसके बाद सुबह
10.50 और 10.55 पर भी यह संदिग्ध चीज नजर आई, लेकिन इस बार इसकी लोकेशन
एयरपोर्ट बाउंड्री के बाहर की तरफ थी।”
मंगलवार और बुधवार को भी थे यही हाल
अफसर के मुताबिक, मंगलवार को भी एटीसी के एक स्टाफ ने ड्रोन जैसा कुछ
उड़ते हुए देखा था। लेकिन इन दावों को साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है।
अफसर इसे खतरा मानकर चल रहे हैं। बुधवार को भी ऐसा ही कुछ हुआ था।
‘रडार में नहीं आ सका कुछ’
अधिकारी का कहना है, “एटीसी रडार मंगलवार को कुछ कैप्चर नहीं कर पाया।
शुक्रवार को स्टाफ के लोगों ने कहा कि रडार ने कुछ कैप्चर किया है, लेकिन
बाद में हमने कोई सबूत नहीं पाया। किसी को नहीं पता कि क्या हो रहा है।
लेकिन हमने सभी को अलर्ट किया हुआ है, क्योंकि हम कोई रिस्क लेना नहीं
चाहते।”
पायलट ने भी की थी लेजर बीम दिखने की शिकायत
- बुधवार को भुवनेश्वर से आने वाली एक फ्लाइट के पायलट ने भी शिकायत
की थी कि आईजीआई के रनवे नंबर 29 पर लैंडिंग के वक्त एक लेजर बीम की वजह से
वह डिस्टर्ब हो गया था और सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी खतरे में पड़ गई
थी। दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट के आसपास के इलाके में लेजर बीम के इस्तेमाल
पर रोक लगाई हुई है।
- सूत्रों का कहना है कि इंटेलिजेंस ब्यूरो, सेंट्रल इंडस्ट्रियल
सिक्युरिटी फोर्स (सीआईएसएफ), ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्युरिटी और दिल्ली
पुलिस ने एक मीटिंग की। इसके बाद इंडियन एयरफोर्स को हाई अलर्ट पर रहने के
लिए कहा गया।
- सूत्रों का यह भी कहना है कि एयरफोर्स को किसी भी संदिग्ध वस्तु को
देखने पर शूट करने की इजाजत दी गई है। वहीं, सीआईएसएफ पर एयरपोर्ट की
सिक्युरिटी की जिम्मेदारी है। उसे भी कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया है।
कब-कब देखी गईं ये संदिग्ध चीजें...
- मंगलवार को सुबह 7.30 बजे। रनवे नंबर 29 पर।
- बुधवार को रात 10.15 बजे। रनवे नंबर 29 पर।
- शुक्रवार को सुबह 10.44 पर। रनवे नंबर 27 पर।
- शुक्रवार को ही सुबह 10.50 पर। संदिग्ध ऑब्जेक्ट एयरपोर्ट से 8 मील की दूरी पर था।
- शुक्रवार को फिर 10.55 बजे सुबह ही। इस बार यूएफओ जैसा कोई ऑब्जेक्ट था। यह रडार की पकड़ में नहीं आया।
No comments:
Post a Comment