नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय ने केरल भवन में गोमांस विवाद पर गृह मंत्रालय से रिपोर्ट मांगी है। केरल के मुख्यमंत्री उम्मन चांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई और उनसे हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था। उन्होंने यह भी सुनिश्चत करने का अनुरोध किया था कि भविष्य में ऐसी घटना न हो और गृह मंत्रालय उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे, जो बिना अनुमति के केरल भवन में घुस गए थे। उल्लेखनीय है कि हिन्दू सेना के विष्णु गुप्ता ने गत सोमवार शाम पुलिस में शिकायत की थी कि केरल भवन की कैंटीन में गोमांस परोसा जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने केरल भवन जाकर पूछताछ की थी। पुलिस के वहां बिना अनुमति के जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया और चांडी ने प्रधानमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। सूत्रों के अनुसार चांडी का पत्र मिलने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने गृह मंत्रालय से इस घटना की विस्तार से रिपोर्ट देने को कहा है।
नई दिल्ली। केरल भवन में कथित रूप से गोमांस की पुलिस से शिकायत करने वाले हिन्दू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता को बुधवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जतिन नरवाल ने बताया कि गुप्ता को भारतीय दंड संहिता की धारा 182 के तहत सरकारी कर्मचारी को झूठी जानकारी देकर उसके कानूनी अधिकार का इस्तेमाल किसी और को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किए जाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि गुप्ता के खिलाफ आगे की कार्रवाई उससे पूछताछ के बाद की जाएगी। गुप्ता को सुबह तिलक नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया। केरल भवन की घटना को लेकर तीखा विवाद खड़ा होने और यह बात सामने आने के बाद कि वहां गोमांस नहीं परोसा गया था, गुप्ता इस डर से फरार हो गया था कि कहीं उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो जाए। गुप्ता ने सोमवार शाम सवा चार बजे के करीब पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर यह शिकायत की थी कि केरल भवन की कैंटीन में गोमांस परोसा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम फौरन केरल भवन पहुंच गई थी और पूछताछ की थी।
No comments:
Post a Comment