युवा राहुल आईपीएल में स्टेन के साथ सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 72 रन की पारी अलग अनुभव था। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा कि उसका सामना करना आसान होगा लेकिन मैंने आज उसे खेला और यह अलग ही तरह का अनुभव था।'
'स्टेन की गेंदबाजी पर फील्डिंग आसान लेकिन बल्लेबाजी...'
उन्होंने कहा, 'उसकी गेंदबाजी पर फील्डिंग या विकेटकीपिंग करना अलग बात है लेकिन उसके सामने बल्लेबाजी करना अलग ही चुनौती है। वह गेंद को देर से मूव कराता है और उसे खेलना काफी कठिन होता है। मुझे उसके साथ खेलना पसंद है लेकिन उसके खिलाफ खेलना अलग चुनौती होगी और मुझे उसका इंतजार है।'
पांच टेस्ट मैचों में भारत के लिए खेल चुके 23 साल के राहुल ने स्वीकार किया कि इस तेज गेंदबाज के दिमाग को पढ़ना कठिन है। उन्होंने कहा, 'हम कोशिश करेंगे लेकिन आपको पता है कि तेज गेंदबाजों का दिमाग कैसे काम करता है। वे हर मैच में अलग तरह से सोचते हैं। आप समझ नहीं सकते कि उनके दिमाग में क्या चल रहा है। बस गेंद का इंतजार करके उसके मुताबिक खेलना होता है।'
'शॉर्ट गेंदों का जमकर किया अभ्यास'
कर्नाटक के इस सलामी बल्लेबाज ने टेस्ट की तैयारी का श्रेय अपने राज्य के कोच अरुण कुमार को भी दिया। उन्होंने कहा, 'मैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज को ध्यान में रखकर टर्निंग गेंदों को खेलने का अभ्यास कर रहा था। मैं कर्नाटक के कोच जे अरुण कुमार के साथ काम कर रहा हूं। वह अपने दिनों में तेज गेंदबाजों को बखूबी खेलते थे। मैंने उनके साथ शॉर्ट गेंदों और तेज गेंदबाजों को खेलने की प्रैक्टिस की। अभी तक प्रदर्शन ठीक रहा है।'
'मुरली और धवन ने की मेरी पूरी मदद'
सलामी बल्लेबाज के लिए राहुल का मुकाबला शिखर धवन और मुरली विजय से है लेकिन राहुल का कहना है कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। उन्होंने कहा, 'जिस दिन से मैंने ड्रेसिंग रूम में प्रवेश किया, मुझे कोई प्रतिस्पर्धा महसूस नहीं हुई। शिखर और विजय दोनों अलग-अलग मेरे पास आए और कहा कि यह रणजी ट्रॉफी से कैसे अलग है। वे मुझे तैयार करने की कोशिश कर रहे थे जिससे मेरे लिये बहुत आसान हो गया।'
उन्होंने कहा, 'हम सभी युवा हैं और माहौल काफी दोस्ताना है। हम सभी एक दूसरे को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हैं और एक दूसरे की कामयाबी का मजा लेते हैं। इसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी दिखता है।'
No comments:
Post a Comment