इस्लामाबाद। पाकिस्तानी सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल नासिर खान जंजुआ को पाकिस्तान का नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) नियुक्त किया गया, जिससे देश के सुरक्षा मामलों और भारत से निपटने में ताकतवर सेना की बढ़ती पकड़ का पता चलता है। सरकार ने जंजुआ को एनएसए नियुक्त करने से जुड़ी अधिसूचना जारी की। जंजुआ ने सरताज अजीज की जगह ली है, जो अब विदेश मामलों पर ध्यान देंगे। एक अधिकारी ने कहा, ‘जंजुआ की नियुक्ति की पुष्टि कर दी गई है और उनका दर्जा राज्य मंत्री के बराबर होगा।’ जंजुआ इस महीने की शुरूआत में बलूचिस्तान के क्वेटा में स्थित सेना की दक्षिणी कमान के प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अब तक 86 साल के अजीज संघीय मंत्री के दर्जे के साथ एनएसए के साथ साथ विदेश मामलों के सलाहकार का भी पद संभाल रहे थे। अधिकारियों ने यहां बताया कि नए एनएसए की नियुक्ति से अजीज को राजनयिक मामलों पर ध्यान देने में मदद मिलेगी, जिनके दोहरा पद संभालने के कारण उनकी व्यस्तता की वजह से अनदेखी हो रही थी। नए एनएसए का कार्यालय प्रधानमंत्री सचिवालय में स्थित होगा।
No comments:
Post a Comment