नई दिल्ली। लोग अब अपने मोबाइल फोन के माध्यम से प्रशासन संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को यहां केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएमएस) के लिए एक मोबाइल ऐप्लिकेशन शुरू किया। सीपीजीआरएएमएस एक केंद्रीकृत सरकारी पोर्टल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को उनकी शिकायतों के निवारण के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। इस मंच पर मिलने वाली शिकायतों का निवारण संबंधित मंत्रालय, विभाग या राज्य करते हैं। सिंह ने उम्मीद जताई कि देश में कहीं भी मोबाइल फोन के संचार का सबसे सरल माध्यम होने के कारण आम लोग मोबाइल ऐप्लिकेशन का अधिकतम इस्तेमाल करेंगे। पोर्टल पर एक क्विक रेसपोंस (क्यूआर) कोड उपलब्ध कराया गया है जिसे स्मार्ट फोन पर स्कैन किया जा सकता है और इसके बाद फोन से सीधा सीपीजीआरएएमएस पर शिकायत भेजी जा सकती है। मंत्री ने कहा, ‘यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘आर्ट (एआरटी) आॅफ गवर्नेंस’ दृष्टि को साकार करने की दिशा में एक और कदम है जैसा उन्होंने कहा है, ‘ए’ का मतलब जवाबदेही (अकाउंटेबिलिटी), ‘आर’ का मतलब जिम्मेदारी (रेस्पोंसिबिलिटी) और ‘टी’ का मतलब पारदर्शिता (ट्रांसपरेंसी) है जो सरकार के आधार का निर्माण कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि उद्देश्य प्रशासन को अधिक नागरिक केंद्रित, पारदर्शी एवं उत्तरदाई बनाना है। सिंह ने कहा, ‘राजग सरकार के शासन में आने के साथ छह लाख से अधिक लोक शिकायतों का निपटारा हुआ है।’ 2007 में सीपीजीआरएएमएस की शुरूआत की गई थी। एक जनवरी, 2012 से अब तक 16 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैंं। पिछले 12 महीनों में नौ लाख शिकायतें दर्ज की गर्इं और उनमें से 6.47 लाख का निपटारा किया गया।
No comments:
Post a Comment