Wednesday, 5 August 2015

पाकिस्‍तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम की कार पर फायरिंग, बाल-बाल बचे

कराची. पाकिस्तान के फास्ट बॉलर रहे वसीम अकरम की कार पर बुधवार को कराची में फायरिंग हो गई। इस हमले में वे बाल-बाल बच गए। अकरम ने पाकिस्तानी मीडिया से कहा, 'मुझ पर हमला करने वाले दो हथियारबंद बाइक सवार थे। मैंने उनकी बाइक का नंबर नोट कर लिया था। इसे मैं पुलिस को दे चुका हूं।' इस हमले में उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
कैंप में लेने जा रहे थे हिस्सा

वसीम नेशनल स्टेडियम में चल रहे एक कैंप में हिस्सा लेने जा रहे थे। यहां वे यंग फास्ट बॉलर्स को कोचिंग दे रहे हैं। यह कैंप 13 दिन तक चलने वाला है। बता दें कि वसीम अकरम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के बॉलिंग कोच हैं।
इंडियन यंगस्टर्स को ट्रेनिंग देने पर हुआ था विरोध
आईपीएल के दौरान भारत के यंग क्रिकेटर्स को बॉलिंग की ट्रेनिंग देने और उनकी तारीफ करने पर वसीम अकरम का पाकिस्तान में काफी विरोध हुआ था। इसके बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा था, 'मैं एक क्रिकेटर हूं। इस नाते मेरे पास कोई भी यंगस्टर अगर टिप्स लेने आएगा तो मैंने जो कुछ भी सीखा है, उन्हें जरूर सिखाऊंगा।'
टीम इंडिया के कोच नहीं बनना चाहते अकरम
वसीम अकरम से जब टीम इंडिया के कोच बनने की इच्छा के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि यह मुझे यह ऑफर मिला तो यह मेरी खुशकिस्मती होगी, लेकिन मैं इसे मंजूर नहीं कर सकता। इसका कारण यह है कि भारतीय टीम सालभर दौरे पर रहती है। ऐसे में मैं हमेशा उनके साथ नहीं रह सकता। मैं अपने परिवार को वक्त देना चाहता हूं, जो मैं भारतीय टीम का कोच बनने के बाद नहीं दे पाऊंगा।

No comments:

Post a Comment