Sunday, 2 August 2015

दहेज में नहीं मिले रुपए तो पत्नी पर छोड़ा कुत्ता, मर्जी के खिलाफ कराया अबॉर्शन

प्रतीकात्मक फोटो।
जशपुरनगर/रायगढ़. जशपुरनगर में पांच लाख रुपए नहीं मिलने की वजह से एक पति ने अपनी पत्नी को न सिर्फ मारा-पीटा, बल्कि उसे पालतू कुत्ते से कटवाया भी। इस बारे में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है मामला?
पीड़ित महिला सरगुजा जिले के एक गांव की रहने वाली है। पिछले साल जून में उसकी शादी घरजियाबथान के रहने वाले प्रमेंद्र बेहरा से हुई थी। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक़ शादी के बाद एक महीने तक तो सब ठीक-ठाक चलता रहा, लेकिन बाद में ससुराल वाले महिला पर मायके से रुपए लाने का दबाव बनाने लगे। पिछले दिनों प्रमेंद्र पत्नी पर अपने मायके से जल्दी पांच लाख रुपए लाने का दबाव डालने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रुपए नहीं लाने पर प्रमेंद्र उसके माता-पिता,
बड़े भाई और उसकी पत्नी ने उसे शारीरिक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
दवा खिलाकर अबॉर्शन , कुत्तों से कटवाया
शिकायत में यह भी आरोप है कि प्रमेंद्र ने पत्नी की मर्जी के खिलाफ उसका अबॉर्शन भी करा दिया था। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो वह पत्नी को अपने पालतू कुत्ते से कटवाने लगा। शादी के एक माह बाद ही वह प्रेग्नेंट हो गई थी। अबॉर्शन के लिए उसे कोई दवा खिलाई गई थी, जिसकी वजह से बाद में उसकी तबीयत बिगड़ गई। पीड़िता के मुताबिक, तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे यहां के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
मायके में कभी कुछ नहीं बताया
ससुराल में पति और उसके परिजनों की ज्यादती के बारे में पीड़िता ने कभी मायकेवालों से कुछ नहीं कहा। 5 जुलाई को पीड़िता के पति ने कुत्ते को इशारा कर पीड़िता को काटने के लिए छोड़ दिया। कुत्ते ने उसे बुरी तरह काट कर घायल कर दिया था। इस घटना के बाद पीड़िता के सब्र का बांध टूट गया। वह पिता को ससुराल बुलाकर तत्काल मायके चली गई और सबको पूरी बात बताई। जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले पर पुलिस ने कहा है कि पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment