Wednesday, 21 October 2015

दलित के परिवारों से मिले राहुल गांधी

  • बोले-घटना के लिए हरियाणा सरकार जिम्मेदार
  • फोटो खिंचवाने के सवाल पर आया गुस्सा
फरीदाबाद। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा के बल्लभगढ़ में दलित परिवार को जिंदा जलाने की घटना के लिए मनोहर लाल सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए घटना की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की पीड़ित परिवार की मांग का समर्थन किया है। गांधी ने बुधवार सुबह बल्लभगढ़ के सनपेड गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। पीड़ित परिवार के मुखिया जितेंद्र से मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इस घटना से कुछ दिन पूर्व दलित परिवार के लोग पुलिस के पास गए थे और खतरे के बारे में उन्हें बताया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें यह कहते हुए भगा दिया, ‘अभी मारे नहीं गए हो। वापस चले जाओ।’ पीड़ित परिवार की घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी इसके लिए दबाव बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने समय रहते पीड़ित परिवार की मदद नहीं की थी। यदि समय पर उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करा दी जाती तो यह घटना नहीं होती। घटना के लिए उन्होंने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
    कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि जहां भी इस तरह की घटनाएं होंगी और लोग मारे जाएंगे, वह घटनास्थल पर जाएंगे और लोगों का हालचाल पूछेंगे। इस तरह की यात्रा को फोटो खिंचवाने का मौका होने संबंधी सवाल पर भड़कते हुए उन्होंने कहा कि वह यहां फोटो खिंचवाने नहीं आए हैं। फोटो खिंचवाने का अवसर कहना उस दलित परिवार का अपमान होगा, जिसके बच्चों को जिंदा जलाया गया है। इस तरह की घटनाओं को उन्होंने कमजारों को दबाने वाली मानसिकता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए ताकि भविष्य में फिर इस तरह की घटनाएं नहीं हो।

No comments:

Post a Comment