श्रीनगर। कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले कई इलाकों में सोमवार को बर्फबारी हुई जबकि श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने यहां अगले दो दिनों में और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अमरनाथ गुफा, शेषनाग, पंजतरनी, गुलमर्ग के अफरवात और अन्य इलाकों सहित घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की खबरें हैं। उन्होंने बताया कि मैदानी इलाके में रातभर बारिश हुई है। श्रीनगर में रात के दौरान 13.1 मिली मीटर, गुलमर्ग एवं पहलगाम पर्यटक रिसोर्ट में सुबह आठ बज कर 30 मिनट तक क्रमश: 27.2 और 23.6 मिली मीटर बारिश हुई है। अधिकारी ने बताया कि कुपवाड़ा में 37.2 मिली मीटर, काजीकुंड में 10 मिलीमीटर और कोकेरनाग में 11.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। हालांकि, यातायात नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के बावजूद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए खुला रखा गया है। मौसम विभाग ने आज घाटी मेंं बारिश होने की जबकि कल कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
No comments:
Post a Comment