नई दिल्ली. बीफ के बारे में एक बयान देकर शुक्रवार को हरियाणा
के सीएम मनोहर लाल खट्टर विवादों में आ गए। उन्होंने कहा था- मुस्लिम इस
देश में रह सकते हैं, लेकिन उन्हें बीफ खाना छोड़ना होगा। इस बयान पर विवाद
होने के बाद पहले तो खट्टर ने सफाई दी। लेकिन उनके इंटरव्यू का ऑडियो
सामने आ गया। इसमें उन्हें वही कंट्रोवर्शियल बयान देते सुना जा सकता है।
हालांकि, खट्टर ऐसे अकेले नेता नहीं हैं। उनसे पहले करीब एक महीने से कई
नेता इस बारे में बयानबाजी कर रहे हैं। पहले मुंबई में बीफ बैन और फिर
दादरी में अखलाक नाम के शख्स की बीफ खाने की अफवाह के बाद हुई हत्या के बाद
नेताओं के बीच बयानवॉर जारी है। जानिए- नेताओं ने किस तरह के बयान दिए।
1. खट्टर ने कहा- मुस्लिम इस देश में रह सकते हैं, लेकिन उन्हें बीफ खाना छोड़ना होगा
खट्टर ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा,
‘गाय, गीता और सरस्वती देश के बहुसंख्यक समुदाय के लिए धार्मिक विश्वास के
प्रतीक हैं। मुस्लिम रहें, मगर इस देश में बीफ खाना छोड़ना ही होगा उनको।
यहां की मान्यता है गऊ।’ हालांकि, बाद में सीएम बयान से मुकर गए। सफाई भी
दी। बीजेपी ने उनके बयान से किनारा कर लिया।
2. अोवैसी बोले- बीफ के विवाद में मुसलमान-दलितों का नुकसान
जब मुंबई में जैन पर्व पर्यूषण के दौरान मीट की खरीद-फरोख्त पर बैन लगाया गया तो AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बयान दिया। उन्होंने कहा- इस बीफ के विवाद में पिस कौन रहा है- मुसलमान और दलित। बीफ बैन हो गया तो मुसलमान और दलित आसान और सस्ते खाने से महरूम हो गया। वह चमड़े का कारोबार नहीं कर पाएगा। 80% हिंदू भी गोश्त खाते हैं। उनका क्या?
3. मां का अपमान हुआ तो मर जाएंगे-मार देंगे : साक्षी महाराज
बीफ विवाद पर बीजेपी सांसद साक्षी महाराज भी कहां पीछे रहने वाले थे। उन्होंने कहा- हमारी मां का कोई अपमान करेगा तो हम मर जाएंगे। सहन नहीं करेंगे। हम मर जाएंगे-मार देंगे। हमारी भारत माता की तरफ कोई ऊंगली उठाता है तो हमारे लोग शहीद होते हैं। सामने वाले को मारते भी हैं। जैसे शरीर को जन्म देने वाली मां है, वैसे ही हमारी भारत माता है, वैसे ही हमारी गो-माता हैं। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए और उसके हत्यारों को फांसी देनी चाहिए।
4. लालू का सवाल- हिंदू नहीं खाता है क्या बीफ?
आरजेडी नेता लालू प्रसाद भी बिहार विधानसभा चुनाव की वोटिंग शुरू होने से पहले बीफ पर बयान देकर विवादों में रहे। उन्होंने कहा- लोग इस देश को कम्युनलाइज करना चाहते हैं। बीफ जो खाता है-खाता है। हिंदू नहीं खाता है क्या बीफ? जो बाहर जाता है बीफ खा रहा है कि नहीं? अपने को हिंदू कहने वाला भी तो खा रहा है। जो मांस खाता है, उसकाे गाय से क्या फर्क है?
5. जो बीफ खाए, वह बीमार : आदित्यनाथ
बीजेपी सांसद महंत आदित्यनाथ ने बीफ विवाद पर कहा था- अगर कोई गोमांस
खाने की वकालत करता है तो मैं उसे मानसिक विकृति मानता हूं। उसका इलाज होना
चाहिए। यूपी सरकार ने दादरी की घटना का राजनीतिकरण किया है। मैंने अखबार
में पढ़ा है कि वो व्यक्ति (अखलाक) पाकिस्तान गया था और उसके बाद से उसकी
गतिविधियां बदल गई थीं। क्या सरकार ने ये जानने की कभी कोशिश की कि ये
व्यक्ति पाकिस्तान क्यों गया था? आज उसे महिमामंडित किया जा रहा है। इस
घटना को यूएन में ले जाने की बात करना शर्मनाक है।
6. गाय काटने वालों को यूपी सरकार हवाई जहाज में बैठाती है : संगीत सोम
विवादों में रहने वाले बीजेपी विधायक संगीत सोम ने भी बीफ पर बयान
दिया। उन्होंने दादरी घटना पर पिछले दिनों कहा- यूपी में हम कहते आ रहे हैं
कि गोहत्या रोकें। लेकिन यहां सरकार कुछ नहीं कर रही। बिसहड़ा में भी
गोकशी के बाद हिंसा हुई। यूपी सरकार गाय काटने वालों को हवाई जहाज में
बैठाकर लखनऊ ले जाती है और 50 लाख रुपए भी देती है।
7. बीफ पार्टी देने वाले MLA को J&K विधानसभा में बीजेपी विधायकों ने पीटा
बीफ के मुद्दे पर ही विधायक आपस में भिड़ गए। वह भी विधानसभा के अंदर। यह वाकया पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर में हुआ। एक इंडिपेंडेंट एमएलए की विधानसभा के अंदर ही बीजेपी विधायकों ने पिटाई कर दी। निर्दलीय विधायक इंजीनियर शेख अब्दुल राशिद ने एक बीफ पार्टी दी थी। राशिद के इसी कदम से बीजेपी के विधायक नाराज थे। जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, बीजेपी विधायक राशिद से भिड़ गए।
8. रघुवंश का दावा- ऋषि-महर्षि भी खाते थे बीफ
पिछले दिनों बिहार के बरूराज विधानसभा क्षेत्र में आरजेडी कैंडिडेट के नॉमिनेशन के वक्त पार्टी के नेशनल वाइस प्रेसिडेंट रघुवंश प्रसाद ने कहा कि इन सब बयान का कोई मतलब नहीं है। यह एकेडमिक बहस है। वेद-पुराण में क्या सब लिखा है, ऋषि-महर्षि भी खाते थे पहले के जमाने में।
9. नीतीश ने लगाया बीजेपी पर आरोप
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बीजेपी पर आरोप लगाए। कहा- ये बीफ के मुद्दे को इम्पोर्ट करना चाह रहे हैं। जानबूझकर एक मुद्दे को उछालने की कोशिश की जा रही है।
No comments:
Post a Comment