Thursday, 22 October 2015

‘विदेशी हाथ’ पर केन्द्र ने पंजाब से मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली। केन्द्र ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी की हालिया घटनाओं में कथित विदेशी हाथ होने की खबरों को लेकर पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है। इस मामले को लेकर राज्य भर में विरोध प्रदर्शन हुए। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस मामले को देखा और पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है। अधिकारी ने बताया कि अशांति उत्पन्न करने के लिए आपराधिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह देश में हों या देश से बाहर। पंजाब पुलिस ने मंगलवार को कहा था कि उसने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले में संलिप्तता के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि दोनों आरोपियों को निर्देश और धन आॅस्ट्रेलिया और दुबई में मौजूद उनके आकाओं से मिल रहा था। जसविंदर सिंह और रूपिंदर सिंह को फरीदकोट जिले के बरगाड़ी गांव में पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि दोनों भाइयों के फोन कॉल की जांच करने पर पता चला कि उन्होंने आॅस्ट्रेलिया तथा दुबई में रह रहे लोगों से बात की थी और इसकी जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित किया जाएगा। पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उनसे राज्य में शांति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। 15 मिनट की इस मुलाकात के दौरान मान ने गृह मंत्री को बताया कि हालिया अवांछित घटनाओं के संदर्भ में पंजाब में स्थिति अशांत है। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री ने धैर्यपूर्वक उनकी बात सुनी और उनसे कहा कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से बात की है और दोनों ने राज्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की है।

No comments:

Post a Comment