Friday, 8 May 2015

दाऊद पर खुलकर बोलेगी सरकार, संसद में राजनाथ देंगे बयान


अंडरवर्ल्ड माफिया दाऊद इब्राहिम को लेकर सरकार सोमवार को संसद में एक विस्तृत बयान देगी। लोकसभा में शुक्रवार को शून्य काल में कांग्रेस के मुख्य सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा दाऊद का पता न होने के बयान को लेकर सरकार को घेरे जाने पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पांच मई को चौधरी का बयान और सात मई को संसद में दी गयी सफाई एक ही थी। लेकिन ऐसा लगता है कि इस पर स्थिति अधिक स्पष्ट होनी चाहिये। इसलिये वह सोमवार को सदन में एक विस्तृत बयान देंगे। सिंधिया ने यह मामला उठाते हुए कहा कि दाऊद 1993 के मुंबई बम धमाकों में 300 लोगों की मौत का जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन गृहमंत्री ने बताया था कि सरकार को पता है कि दाऊद कहां है लेकिन पांच मई को गृह राज्य मंत्री का जवाब आश्चर्यजनक था।
----------------------
4:30 pm | आरक्षित टिकट बुकिंग में IRCTC ने रेलवे को पछाड़ा
आरक्षित टिकट बुकिंग के मामले में भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने रेलवे को पछाड दिया है। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जानकारी देते हुये बताया कि वर्ष 2914-15 में कुल 33 करोड 53 लाख 78 हजार 119 आरक्षित टिकटें बुक की गयी जिनमें से 18 करोड 14 लाख 35 हजार 401 टिकटें आईआरसीटीसी के माध्यम से बुक की गयी जबकि रेलवे के बुकिंग काउंटरों से मात्र 15 करोड 39 लाख 42 हजार 718 टिकटें बुक करायी गयी। उन्होंने कहा कि आईआरसीटीसी के माध्यम से एक ई टिकट की लागत 7.22 रूपये आती है जबकि रेलवे के बुकिंग काउंटर के जरिये जारी की जा रही टिकट की लागत का पता लगना व्यावहारिक नहीं है क्योंकि इसमें परिसर और उपस्कर के साथ ही उनके अनुरक्षण की लागत , कर्मचारी , बिजली , फर्नीचर , स्टेशनरी , नेटवर्किंग आदि अन्य लागत शामिल है और हर स्थान के लिए अलग अलग होती है।
----------------------
4:00 pm | रेलवे ने स्वीकारा: आपातकालीन कोटा का होता है दुरूपयोग
सरकार ने शुक्रवार को स्वीकार किया आपातकालीन कोटा में से बर्थ के कंफर्मेंशन में दलालों और रेल पदाधिकारियों की कथित मिलीभगत की कुछ शिकायतें मिली हैं और इसमें अनियमितताओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि जिन यात्रियों को इस कोटे के तहत बर्थ कंफर्म किया जाता है के सत्यापन के लिए वाणिज्य या सतर्कता विभाग नियमित जांच करता है और ट्रेन में भी यह जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिदिन इस कोटे के तहत 65 हजार बर्थ कंफर्म किये जाते हैं।
----------------------
3:30 pm | इनकम टैक्स नहीं न देने वालों से हुई 4734 करोड़ रुपये की वसूली
सरकार ने आयकर अदा नहीं करने वाले 30 लाख से ज्यादा लोगों की पहचान कर उनसे 4733.61 करोड़ रुपये की कर वसूली की है। वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने शुक्रवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में लोकसभा को बताया कि आयकर विभाग ने नॉन-फाइलर मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएस) ने वर्ष 2013, 2014 तथा 2015 में 31 मार्च तक आयकर रिटर्न नहीं भरने वालों की पहचान की है और कुल 30 लाख 68 हजार 662 ऐसे लोगों ने नये रिटर्न दाखिल किये जिनसे इस साल अब तक 4733.61 करोड़ रुपये के कर की वसूली हुई है।
----------------------
3: pm | सोनिया, राहुल सहित 55 सांसदों ने पांच सालों में नहीं पूछा एक भी सवाल
पंद्रहवीं लोकसभा में करीब नब्बे फीसदी सांसदों ने साढ़े चार लाख से अधिक जनहित से जुड़े प्रश्न पूछे जबकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव सहित ऐसे 55 सांसद थे जिन्होंने पूरे पाँच साल एक भी सवाल नहीं पूछा। सांसदों की ऐसी ही जानकारियों पर एक रिपोर्ट ‘रिप्रेजेन्‍टेटिव एट वर्क’ आयी है । इस रिपोर्ट का विमोचन गुरुवार शाम लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने किया। सांसदों के हर अंदाज़ एवं व्यवहार पर पैनी नज़र रखने वाले स्वयंसेवी संगठन ‘सेंटर फार डेमोक्रेसी एंड पीस’ द्वारा तैयार इस रिपोर्ट में 15वीं लोकसभा के पांच साल के कार्यकाल के दौरान सभी 545 सांसदों की भूमिका को विभिन्‍न कसौटियों के आधार पर विश्‍लेषित किया गया है।
----------------------
2:20 pm | इशरत मामले में जेल में बंद एनके अमीन को मिली जमानत
CBI की एक विशेष अदालत ने बहुचर्चित इशरत जहां फर्जी मुठभेड प्रकरण के एक और आरोपी पुलिस अधिकारी एनके अमीन को शुक्रवार को यहां जमानत दे दी। विशेष CBI न्यायधीश के आर उपाध्याय ने अमीन को दो लाख के मुचलके पर जमानत दे दी। उन्हें जमानत की अवधि में अहमदाबाद की सीमा से बाहर रहना होगा और प्रत्येक गुरूवार को अदालत में पेशी देनी होगी और पासपोर्ट भी अदालत में जमा रखना होगा। एक अन्य मामले सोहराबुददीन शेख मुठभेड मामले के भी आरोपी रहे अमीन को इशरत जहां मामले में चार अप्रैल 2013 को गिरफ्तार किया गया था।
----------------------
2:10 pm | सशस्त्र बलों में कोई आरक्षण नहीं- मनोहर पर्रिकर
सरकार का सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्गो के लिए आरक्षण आरंभ करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि सशस्त्र सेनाओं में भर्ती किसी वर्ग, जाति, समुदाय, क्षेत्र अथवा धर्म का ध्यान किए बिना योग्यता के आधार पर सभी नागिरकों के लिए खुली है। संक्रियात्मक और प्रशासनिक चुनौतियों की प्रकृति, जिसके तहत सशस्त्र सेनाएं कार्य करती हैं, सशस्त्र सेनाओं में भर्ती के लिए आरक्षण को निषेध करती हैं।
----------------------
2:00 pm | गडकरी के इस्तीफे की मांग को लेकर पांच बार स्थगित हुई राज्यसभा
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को अनुचित फायदा देने और नवीनीकरण ऊर्जा पर सब्सिडी में हेर फेर का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने शुक्रवार को राज्यसभा में जबरदस्त हंगामा कर उनके इस्तीफे की मांग की जिसके कारण शून्यकाल और प्रश्न काल बाधित रहा और सदन की कार्यवाही पांच बार स्थगित करनी पड़ी। शून्यकाल में केन्द्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सदन की कार्यवाही पहले दस मिनट और बाद में 15 मिनट के लिए स्थगित हुई और जब प्रश्नकाल शुरू हुआ तो विपक्षी दलों ने पहले की तरह फिर हंगामा शुरू कर दिया।
----------------------
1:40 pm | चीन से ज्यादा खतरनाक है साइबर अटैक: सरकार
सरकार ने शुक्रवार को कहा कि साइबर हमले का खतरा चीन से ज्यादा खतरनाक है लेकिन सशस्त्र बलों को इससे बचाने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने लोकसभा में एक पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सशस्त्र सेनाओं का नेटवर्क इंटरनेट पर नहीं है बल्कि यह इंट्रानेट पर है। सेना, नौसेना और वायुसेना का कोई भी आपरेशनल नेटवर्क इंटरनेट पर नहीं है बल्कि उनका अपना स्वतंत्र नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि इसे हैकिंग से बचाने के लिए हरसंभव उपाय किए गए हैं और इसे एनआईसी की नेटवर्क पर डाला गया है। एनआईसी ने इसे साइबर हमले से बचाने के लिए फायर वॉल्स बनायी हैं।
----------------------
1:30 pm | लोकसभा में आज पेश होगा भूमि अधिग्रहण विधेयक
सरकार भूमि अधिग्रहण विधेयक को पारित कराने के मकसद से शुक्रवार को लोकसभा पेश करेगी, हालांकि राज्यसभा में उसके पास बहुमत नहीं है। इसके साथ ही लोकसभा के बजट सत्र को तीन दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक यह सत्र कल समाप्त होना था जो अब 13 मई तक चलेगा। इस विधेयक को बीते मार्च महीने में लोकसभा में पारित किया गया था, लेकिन राज्यसभा में सरकार की ओर से इसे पेश नहीं किया जा सका था, जिसके बाद अध्यादेश फिर से जारी किया गया था।
----------------------
12:00 pm | लद्दाख : भारतीय सेना के 15 कर्मी 'सैन्य विद्रोह' के दोषी ठहराए गए
लद्दाख के नयोमा में तीन साल पहले एक तोपखाना इकाई के अधिकारियों और जवानों के बीच हुई झड़प में एक ‘सम्मरी जनरल कोर्ट मार्शल’ (एसजीसीएम) ने कम से कम 15 सैन्य कर्मियों को ‘‘सैन्य विद्रोह’’ का दोषी ठहराया है। सेना के इन कर्मियों को विभिन्न अवधि की सश्रम कैद की सजाएं सुनाई गई हैं। सेना सूत्रों ने बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में सुनाई गई सजा उच्च प्राधिकार द्वारा मंजूर किए जाने पर ही प्रभावी होगी। इस मामले में मंजूरी कोर कमांडर प्रदान करेंगे। ये सभी आरोपी अधिकारी रैंक से नीचे के हैं।
----------------------
11:30 am | प्रोफेसर के हाथ काटने के मामलें पर 10 दोषियों को 8 साल का कारावास
पांच वर्ष पहले केरल में एक प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की स्पेशल कोर्ट ने 10 दोषियों को 8 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। 4 जुलाई 2010 को इडुक्की जिले में तोडुपुझा के न्यूमैन महाविद्यालय के प्रोफेसर टीजे जोसेफ पर कुछ व्यक्तियों ने हमला कर उनका दाहिनें हाथ कों काट दिया था। कोर्ट ने मामले में 13 व्यक्तियों को दोषी करार दिया था, जिसमें से 10 को अवैध गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए) की कई धाराओं के अन्तर्गत भी दोषी ठहराया गया है। जज पी शशिधरन ने 18 अन्य को तत्यों के अभाव में रिहा कर दिया था। ये सभी लोग कट्टरपंथी आईएसआईएस पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़े हुए हैं।
----------------------
11:00 am | भारत हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करें:पाकिस्तान
पाकिस्तान ने भारत से उसके अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने का आग्रह किया है। ‘‘द न्यूज ” में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता खलील उल्लाह काजी ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान भारत से हमेशा कहता आया है कि वह उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न न करें। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने कई मौको पर पाकिस्तानी मामलों में भारत की संलिप्तता के सबूत दिए है। दाऊद इब्राहिम के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में श्री काजी ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा कहता आया है कि वह हमारी सरजमीं पर नहीं है और अाखिरकार भारत ने यह स्वीकार भी किया है कि वह नहीं जानते कि दाऊद इब्राहिम कहां है।
----------------------
10:30 am | नेपाल में भूकंप से दस लाख बच्चों की शिक्षा प्रभावित
नेपाल में 12 दिन पहले आए भीषण भूकंप से स्कूल कालेजों को बेहद नुकसान पहुंचा है और इसके कारण कम से कम दस लाख बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ) ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि भूकंप से देश में 24 हजार कक्षाएं या तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं अथवा नष्ट हो गर्इ हैं और अगर बच्चों को पढ़ने के लिए तत्काल अस्थाई कक्षाएं नहीं मुहैया कराई गईं तो इन दस लाख बच्चों का शिक्षा से दूर हो जाने का खतरा है।नेपाल में यूनिसेफ के प्रतिनिधि टोमू होजूमी ने बताया कि भूकंप से पहले देशभर में 10 लाख बच्चों का स्कूलों में पंजीकरण था लेकिन अब न तो वहां स्कूल हैं और न ही किसी तरह की सुविधाएं ।
----------------------
9:30 am | हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी धडे के नेता मीरवाइज नजरबंद
हुर्रियत कांफ्रेंस के नरमपंथी धडे के अध्यक्ष मीरवाइज मौलवी उमर फारुक को दक्षिण कश्मीर जाने से रोकने लिए शुक्रवार सुबह नजरबंद कर दिया गया। एचसी के प्रवक्ता शाहिदुल इस्लाम ने बताया कि मीरवाइज के घर के बाहर कल रात से सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मीरवाइज को सूचित किया गया है कि वह अगले आदेशों तक घर से बाहर नहीं जा सकते है। उन्होंने बताया कि मीरवाइज को दोपहर में दक्षिण कश्मीर के बिजबेहरा में शुक्रवार की नमाज के बाद एक रैली को संबोधित करना था। प्रवक्ता ने मीरवाइज पर पाबंदियां लगाए जाने के लिए राज्य सरकार की निंदा की है।
----------------------
9:30 am | अलकायदा ने की शीर्ष कमान्डर नसीर के मारे जाने की घोषणा
यमन में अमेंरिकी ड्रोन हमले के दौरान अलकायदा इन अरब पेनिन्सुला(एक्यूएपी) के शीर्ष कमॉडर नसीर बिन अली अंसी की मौत हो गयी । एक्यूएपी के प्रवक्ता ने एक वीडियो में यह जानकारी दी। अमेरिकी अधिकारियों की तरफ से भी उसकी मौत की पुष्टि कर दी गयी है। खुफिया ग्रुप ‘साइट’ के अनुसार नसीर की मौत गत महीने यमन में हुए अमेरिकी ड्रोन हमले के समय हो गयी थी। उसके साथ उसके बड़ा लड़का और अन्य लड़ाकू की भी हमले में मारे गए थे। गौरतलब है कि नसीर ने जनवरी में फ्रांस की राजधानी पेरिस में एक व्यंग पत्रिका चार्ली हेब्दो के कार्यालय में हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी। हमले में 17 लोग मारे गए थे।
----------------------
9:00 am | नेपाल में भूकंप के हल्के झटके
नेपाल में शुक्रवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह छह बजकर तीन बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.8 मापी गयी। भूकंप का केंद्र 27.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.9 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। नेपाल में गत 25 अप्रैल को आए विनाशकारी भूकंप के बाद यहाँ लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या 7600 के पार पहुँच गयी है।

No comments:

Post a Comment