Monday, 18 May 2015

सेंसेक्स 363 अंक उछलकर तीन सप्ताह के उच्च स्तर पर

मुंबई : समय पर मानसून के दस्तक देने की भविष्यवाणी एवं वर्ष 2014-15 के लिए राजकोषीय घाटा जीडीपी के 4 प्रतिशत पर रहने के साथ ही ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बने रहने से शेयर बाजार की धारणा मजबूत हुई जिससे बीएसई सेंसेक्स आज 363 अंक उछलकर तीन सप्ताह के उच्च स्तर 27,687.30 अंक पर बंद हुआ।
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ 27,416.97 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान दिन के उच्च स्तर 27,725.97 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में मुनाफा वसूली से यह 363.30 अंक यानी 1.33 प्रतिशत की बढ़त लेकर 27,687.30 अंक पर बंद हुआ।
शेयर सूचकांक का यह 23 अप्रैल के बाद सबसे उंचा स्तर है। पिछले दो सत्रों में सूचकांक में 481.24 अंक की वृद्धि दर्ज की गई। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 111.30 अंक चढ़कर 8,373.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8384.60 और 8,271.95 अंक के बीच घटबढ़ में रहा।
शेयर ब्रोकरों ने कहा कि मानसून के समय पर दस्तक देने के अनुमान और रिजर्व बैंक द्वारा दरों में कटौती की उम्मीद से बाजार धारणा मजबूत रही। पेट्रोल व डीजल मूल्य वृद्धि से एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल जैसी तेल विपणन कंपनियों के शेयर 3.93 प्रतिशत तक चढ़ गए। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 27 कंपनियों के शेयर बढ़त लेकर बंद हुए।
सरकार ने कल कहा कि उसने 2014-15 के लिए राजकोषीय घाटे को जीडीपी के 4 प्रतिशत पर सीमित रखा है। अन्य एशियाई बाजारों में जापान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के शेयर सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन, हांगकांग और सिंगापुर के शेयर सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में डॉक्टर रेड्डीज 3.48 प्रतिशत, गेल 3.45 प्रतिशत, टाटा पावर 3.08 प्रतिशत, एचडीएफसी 2.34 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.92 प्रतिशत, आरआईएल 1.89 प्रतिशत, आईटीसी 1.84 प्रतिशत, बजाज आटो 1.84 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.63 प्रतिशत, भेल 1.54 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.41 प्रतिशत और हिंडाल्को 1.35 प्रतिशत मजबूत हुआ।
भाषा

No comments:

Post a Comment