Monday, 25 May 2015

गुर्जर आंदोलन: गुर्जर-सैनी समुदाय भिड़े, पैरामिलिट्री फोर्स की 14 कंपनियां तैनात

जयपुर/दौसा. राजस्थान में आरक्षण की मांग कर रहे गुर्जर समुदाय का आंदोलन हिंसक होता जा रहा है। सोमवार को गुर्जर आंदोलनकारी और सैनी समुदाय के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आंदोलनकारी रेल की पटरियों पर जमे हुए हैं जिसके कारण करीब 45 ट्रेन्स को रद्द करना पड़ा है। सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात बिगड़ते देख केंद्र सरकार ने अर्द्ध सैनिक बलों की 14 टुकडि़यां राजस्थान में तैनात कर दी हैं। सुरक्षा बलों ने सख्ती दिखाते हुए जयपुर-आगरा हाईवे को खुलवा दिया है। गुर्जर समाज के नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने सरकार से कहा है कि अगर बातचीत करना है तो उनके प्रतिनिधि को बवाना आना होगा। बैंसला पर राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज किया जा चुका है।
गुर्जर और सैनी समुदाय में मारपीट

दौसा के सिकंदरा चौराहे पर आंदोलनकारियों ने राजस्थान रोडवेज की बसों में तोड़फोड़ की। खबरों के मुताबिक सड़कों पर टायर जलाकर उन्हें जाम करने की भी कोशिश की गई है। एक अनुमान के अनुसार राजस्थान रोडवेज को इस आंदोलन के कारण हर रोज करीब 15 लाख रुपए का घाटा हो रहा है। आंदोलनकारियों ने दौसा में ही सैनी समुदाय के एक धार्मिक कार्यक्रम पर पथराव किया जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। बाद में पुलिस के पहुंचने पर हालात काबू में किए जा सके।

ट्रेन यात्री परेशान

दिल्ली-मुंबई रूट की 45 ट्रेन्स को इस आंदोलन के कारण रद्द किया गया है और करीब 85 ट्रेन्स के रूट को चेंज किया गया है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। इस आंदोलन की सबसे ज्यादा मार उन यात्रियों पर पड़ रही है जिन्होंने कई महीने पहले आरक्षण करा लिया था लेकिन बावजूद इसके वह यात्रा पर नहीं कर पा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment