Saturday, 23 May 2015

आंध्र और तेलंगाना में 'लू' का सितम, अब तक 153 लोगों की ले चुका है जान

हैदराबाद: तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के विभिन्न भागों में चल रही लू ने अब तक 153 लोगों की जान ले ली है। अधिकारियों ने शनिवार को लू से मरने वाले लोगों की संख्या की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में लगातार चल रही लू के कारण अभी तक तेलंगाना में 73 लोगों की जबकि आंध्रपदेश में 80 लोगों की मौत हो चुकी है।

राजस्व सचिव बी. आर. मीणा ने बताया, 'शुक्रवार को शाम तक मिली सूचना के आधार पर तेलंगाना में 73 लोगों की मौत हुई है।' उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में 40 लोगों की मौत हुई है, जबकि विशाखापत्तनम में 12 और श्रीकाकुलम में आठ लोगों की लू लगने से मौत हो गई है। तेलंगाना के नालगोंडा जिले में 28, करीमनगर में 22 और खम्माम जिले में नौ लोगों की लू लगने से मौत हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की यह संख्या आंध्र प्रदेश में 18 मई से शुक्रवार शाम तक जबकि तेलंगाना में 15 अप्रैल से शुक्रवार शाम तक की है। तेलंगाना के अदिलाबाद, वारंगल, हैदराबाद, खम्माम, महबूबनगर, नालगोंडा और निजामाबाद करीमनगर जिलों में लू का प्रभाव बहुत ज्यादा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को खम्माम, नालगोंडा, निजामाबाद, रामागुंडम में सबसे अधिक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

No comments:

Post a Comment