Wednesday, 13 May 2015

नेपालः दोपहर को एक घंटे में लगे भूकंप के तीन झटके, कोडारी ही रहा केंद्र

काठमांडू. नेपाल में बुधवार को सुबह से लेकर दोपहर तक भूकंप के छह झटके लगे। दोपहर 12 से एक बजे की बीच भूकंप के तीन हल्के झटके महसूस किए गए। उनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर पांच से कम रही और केंद्र कोडारी था। इससे पहले मंगलवार की रात से बुधवार सुबह तक तीन बार भूकंप के झटके आए। रिक्टर पैमाने पर इनकी तीव्रता 4.8, 4.2 और 5.1 थी। सभी का केंद्र जमीन से 15 से 20 किलोमीटर नीचे था। मंगलवार को काठमांडू के निकट कोडारी और चीन सीमा झाम भूकंप का केंद्र था। इस बीच भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 68 हो गई है। मंगलवार को नेपाल में भूकंप का सबसे बड़ा झटका रिक्टर पैमाने पर 7.4 का था। ये झटके उत्तर भारत के कई राज्यों में महसूस किए गए।
खुले में सोने को मजबूर लोग, बारिश की आशंका से भूस्खलन का खतरा
इस बीच, भूकंप से परेशान लोगों के लिए एक और बुरी खबर है। प्रशासन ने कहा है कि मानसून आने वाला है और इसके कारण भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं इसलिए लोग सतर्क रहें। यहां 25 अप्रैल और फिर 12 मई को आए भूकंप के बाद कई मकान बेहद जर्जर हालत में हैं तो वहीं कुछ पहाड़ियों पर चट्टानें अटकी हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद चट्टानों और मिट्टी के खिसकने का खतरा है। जानकारों का भी मानना है कि नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से भारी तबाही हो सकती है।
भूकंप प्रभावित इलाके में लापता अमेरिकी हेलिकॉप्टर का नहीं मिला सुराग
भूकंप प्रभावित इलाके में लापता अमेरिकी सेना के हेलिकॉप्टर का बुधवार दोपहर तक कोई पता नहीं चल पाया है। अमेरिकी नेवी कैप्टन क्रिश सिंस ने कहा, ''अमेरिकी सेना के हेलिकॉप्टर UH-1 Huey छह नौसैनिकों और दो नेपाली व्यक्तियों के साथ भूकंप के वक्त उस इलाके में था।'' नेपाल में लापता अमेरिकी सेना का हेलिकॉप्टर भूकंप पीड़ितों के लिए राहत कार्य में लगा था। हेलिकॉप्टर से अमेरिकी जवान प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने का काम कर रहे थे। समझा जा रहा है कि फ्यूल खत्म होने के कारण हेलिकॉप्टर संभवत: हादसे का शिकार हो गया। अमेरिकी सेना के कर्नल स्टीव वॉरेन ने कहा, ''हेलिकॉप्टर के लापता होने से पहले अमेरिकी सेना के चालक दल द्वारा ईंधन की समस्या पर बात करते हुए सुना गया था। इसके बाद अमेरिकी सेना के अधिकारियों का हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया।''
मंगलवार रात तक चला सर्च ऑपरेशन
कर्नल स्टीव वॉरेन ने कहा कि तीन सैन्यकर्मियों ने वी -22 रोटर विमान की मदद से 90 मिनट तक हेलिकॉप्टर की सर्च की, लेकिन विमान का पता लगाने में असफल रहने के बाद सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। नेपाली सैनिकों द्वारा हेलिकॉप्टर का सर्च ऑपरेशन जारी है। लापता हेलिकॉप्टर पिछले महीने आए 7.8 तीव्रता वाले भूकंप के बाद राहत अभियान के लिए आया था। सेना के मेजर डेव एस्टबर्न ने कहा कि हेलिकॉप्टर अमेरिकी और नेपाली सुरक्षा बलों के साथ राहत सामग्री लेकर जा रहा था, तभी चारिकोट के पास लापता हो गया। उन्होंने कहा कि भारत का जो हेलिकॉप्टर भूकंप क्षेत्र में बचाव अभियान में लगा है, उसे अमेरिकी हेलिकॉप्टर के रेडियो संदेश से ईंधन की समस्या के बारे में पता चला था। वॉरेन ने कहा कि हो सकता है कि समुद्री अभियान सेना के उप कमांडर मैरिन ब्रिगेडियर जनरल पॉल कैनेडी तृतीय ने क्षेत्र में हेलिकॉप्टर उतरवाया हो।

No comments:

Post a Comment