Wednesday, 13 May 2015

कराची: बस पर आतंकी हमले में 47 मरे, मिला खून से सना IS का पर्चा

कराची. पाकिस्तान के कराची में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार आठ बंदूकधारियों ने एक बस में घुस कर अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें कम से कम 47 लोग मारे गए। मौके पर खून से सना पर्चा मिला है। इसमें आतंकी संगठन आईएस ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए इस प्रकार के और हमले की चेतावनी दी है।
जुनुदुल्लाह ने भी ली जिम्‍मेदारी
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्‍तान (टीटीपी) से अलग हुए एक आतंकी समूह जुनुदुल्लाह के प्रवक्ता अहमद मारवात ने भी हमले की जिम्मेदारी ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल नवंबर महीने में टीटीपी से अलग होने के बाद यह समूह आईएस से जुड़ गया था।
बीते साल नवंबर में वाघा बॉर्डर पर हुए बम धमाकों में भी इसी आतंकी समूह का हाथ था। इस हमले में 60 लोग की जानें गई थीं। वहीं, इसी साल 30 जनवरी को सिंध प्रांत के शिकारपुर स्थित शिया मस्जिद में हुए बम धमाकों में भी इसी आतंकी समूह ने जिम्मेदारी ली थी।
चश्‍मदीद बोले
चश्मदीद सलीम (हमले में बुरी तरह घायल) के मुताबिक, "मैंने पांच बंदूकधारियों को बस में घुसते देखा। उसके बाद हमलावरों ने एक-एक पैसेंजर पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने हमे इसलिए टारगेट किया, क्योंकि पाकिस्तान में ज्यादातर लोग हमें मुसलमान नहीं मानते।"
एक और चश्मदीद नावेद शाह ने बताया, "हमलावरों ने पहले बस ड्राइवर को गाड़ी रोकने पर मजूबर किया। फिर बस में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इस दौरान महिलाओं ने मदद की गुहार भी लगाई, लेकिन किसी ने भी जान जोखिम में डालने की हिम्मत नहीं की।"
सीट के नीचे छिपकर एक लड़की ने बचाई जान
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक मेमन मेडिकल सेंटर के सिक्योरिटी एडवाइजर राणा एम रज्जाक ने बताया कि जो लोग बच गए वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर्फ एक लड़की को कुछ नहीं हुआ क्योंकि गोलियां चलने के वक्त उसने सीट के नीचे छिपकर अपनी जान बचा ली थी।
हर रोज सुबह 9 बजे इलाके से गुजरती है बस
हमला कराची के सफूरा चौक इलाके में हुआ। सिंध पुलिस के आईजी गुलाम हैदर जमाली ने बताया कि जिस बस पर हमला हुआ, वह हर सुबह 9 बजे सफूरा चौक से निकलती है। बस में इस्‍माइली समुदाय के 60 लोग सवार थे। आतंकियों ने लोगों की हत्या करने के लिए 9 एमएम की पिस्तौल का इस्तेमाल किया। हमले के बाद वे भाग निकलने में कामयाब रहे।
बस में घुसे और बरसा दीं गोलियां
एक चश्‍मदीद के मुताबिक तीन-चार मोटरसाइकिल पर सवार आठ लोगों ने बस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि, वीडियो फुटेज में बस पर गोलियों के निशान नहीं दिखाई दे रहे हैं। इससे लगता है कि हमलावर बस के अंदर घुस गए थे। एक वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर 'डॉन' अखबार को बताया कि आतंकी बस के अंदर घुस गए थे। उन्‍होंने मुसाफिरों के सिर में गोलियां मारीं।
पुलिस की वर्दी में आए थे हमलावर
हमले के बाद बस के अंदर खाली कारतूसों के अलावा नीले रंग की टोपियां भी मिली हैं। ऐसी टोपियां कराची में पुलिसकर्मी पहनते हैं। इसलिए माना जा रहा है कि वे पुलिस की वर्दी पहनकर हमला करने आए थे।

हमला इस्माइली समुदाय के खिलाफ था
इस हमले को इस्माइली समुदाय के खिलाफ माना जा रहा है। इस समुदाय के लोग शिया मुस्लिम होते हैं। शिया मुस्लिमों की पाकिस्तान में आबादी 20% है। हमले का शिकार हुई बस अल अजहर गार्डन कॉलोनी से आ रही थी जो इस्माईली समुदाय का इलाका है।
तरक्की पसंद है यह समुदाय
इस्माइली मुस्लिमों को पाकिस्तान में अमन पसंद, तरक्की पसंद और सियासत से दूर रहने वाला समुदाय माना जाता है। पाकिस्तान के हेल्थ और एजुकेशन सेक्टर में इस्माइली समुदाय के लोगों की संख्या ज्यादा है। समुदाय के अधिकतर लोग प्रिंस करीम आगा खान को अपना आध्यात्मिक गुरु मानते हैं। 2013 में भी कराची के आयशा मंजिल इलाके में इस समुदाय के खिलाफ हुए हमले में 4 लोगों की मौत हुई थी और 42 घायल हुए थे। पाकिस्तान में बीते 2 साल में 1000 शिया मुस्लिमों की आतंकी हमलों में जान जा चुकी है।

No comments:

Post a Comment