Saturday, 23 May 2015

मानसून ने श्रीलंका में दस्तक दी, अगला पड़ाव केरल

बंगाल की खाड़ी में मानसून की रफ्तार में फिर तेजी आ गई है। मानसून ने शनिवार को श्रीलंका में दस्तक दे दी है। अपनी तय तिथि से अभी तक मानसून थोड़ा आगे ही चल रहा है और अब मानसून का अगला पड़ाव केरल है जहां 30-31 मई तक इसके पहुंचने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मानसून पिछले तीन-चार दिनों से ठिठका हुआ था लेकिन पिछले चौबीस घंटों के दौरान वहां तेज बारिश के साथ मानसून आगे बढ़ा है। मानसून ने दक्षिण पूर्व की ओर रुख करते हुए श्रीलंका में दस्तक दे दी है। आमतौर पर श्रीलंका में मानसून 25 मई तक पहुंचता है। इस प्रकार इस बार मानसून दो दिन जल्दी वहां पहुंचा है।

मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से कम बारिश की भविष्यवाणी की है तथा अल नीनो से भी मानसून के प्रभावित होने की आशंका जताई है। लेकिन मानसून की चाल से इतना तय है कि मानसून देश में समय पर दस्तक तो दे ही देगा।

इस बीच गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। उत्तर भारत में अधिकतम तापपान सामान्य से तीन-चार डिग्री ज्यादा है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्से लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने 24 मई को हरियाणा, दिल्ली में धूल भरी आंधियां चलने की आशंका जताई है। जबकि बिहार में 26-27 को आंधी-तूफान की आशंका व्यक्त की गई है।

No comments:

Post a Comment