Wednesday, 13 May 2015

TN सीएम पनीरसेल्वम पहुंचे जया के घर, आज दे सकते हैं इस्तीफा

जयललिता आज चुनीं जा सकती हैं नेता
तमिलनाडु की पूर्व सीएम जे. जयललिता एक बार फिर मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हो सकती हैं। बुधवार को AIADMK विधायक दल की बैठक होनी है और इसी क्रम में पदासीन मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम जयललिता के घर पहुंचे हैं और उनके आज ही इस्तीफा देने की खबर है। आज की बैठक में जयललिता को एक बार फिर पार्टी विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में राहत देते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में पिछले साल निचली अदालत ने जयललिता को चार साल की सजा और 100 करोड़ रूपये का जुर्माना लगाया था जिसके बाद उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। सोमवार को कर्नाटक हाईकोर्ट ने जयललिता सहित अन्य चार दोषियों को भी इस मामले बरी कर दिया।
---------------------
3:30 pm | दिल्ली से हर दिन लापता हो रहे हैं 20 बच्चे
राजधानी दिल्ली से प्रतिदिन औसतन 20 बच्चे लापता हो जाते हैं और पिछले साल शहर से करीब 7572 बच्चे लापता हुए थे। गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में बुधवार को बताया कि वर्ष 2014 में दिल्ली में 7572 बच्चों के गायब होने की सूचना मिली थी। इस प्रकार औसतन प्रतिदिन लगभग 20 बच्चे लापता होते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के अंत मे 5695 बच्चों का पता लगाया गया और उन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया गया। दिल्ली पुलिस ने लापता बच्चों को उनके परिवार से मिलाने के लिए एक विशेष अभियान ऑपरेशन मिलाप शुरू किया है।
---------------------
3:00 pm | 18 मई को आएगा ICSE 10वीं व 12वीं का रिजल्ट
इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा ICSE और ISC का रिजल्ट 18 मई को आउट होगा। 10वीं व 12वीं का यह रिजल्ट सुबह 11:30 बजे जारी होगा। काउंसिल की ऑफिशियल वेबसाइट पर रिजल्ट चेक किए जा सकते हैं। काउंसिल की ओर से ये परीक्षाएं फरवरी से अप्रैल माह के बीच आयोजित की गई थी। काउंसिल की 12वीं की परीक्षा को आईएससी (इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट) जबकि 10वीं की परीक्षा को आईसीएसई कहते हैं। इस साल आईएससी की परीक्षा में करीब 70 हजार जबकि आईसीएसई के लिए करीब डेढ़ लाख स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए थे।
---------------------
2:30 pm | बढ़ते स्कूल फीस से छोटा हो रहा परिवार: एसोचैम की रिपोर्ट
स्कूलों की बढ़ती फीस और महँगी होती शिक्षा के कारण लोग अब एक से ज्यादा बच्चा नहीं चाहते और इसलिए उन्हें ‘हमारे एक’ से ही संतोष करना पड़ता है। उद्योग संगठन एसोचैम द्वारा जारी एक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 10 साल में स्कूलों की फीस, ट्यूशन फीस, ड्रेस तथा कॉपी किताबें तथा अन्य चीजों की कीमतें बढने से बच्चों को पढ़ाने का खर्च 150 प्रतिशत तक बढ़ गया है। रिपोर्ट के अनुसार एक बच्चे पर शिक्षा से जुड़़ा खर्च 2005 के 55 हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़कर 2015 में सवा लाख रुपये प्रतिवर्ष पर पहुँच गया है।
---------------------
2:00 pm | कंपनी संशोधन विधेयक राज्यसभा से पारित
राज्यसभा ने बुधवार को कंपनी संशोधन विधेयक 2014 को ध्वनिमत से पारित कर दिया जिसमें कंपनियों के लिए कुछ प्रावधानों को सरल बनाकर देश में कारोबार करने को आसान बनाने की दिशा में कदम बढाया गया है। वित्त मंत्री अरूण जेटली ने इस विधेयक पर हुई चर्चा का जबाव देते हुये कहा कि कंपनी कानून 2013 में कुल 417 प्रावधान है और उनमें से अभी 16 का संशोधन किया गया है। लोकसभा से पारित विधेयक में 14 संशोधन किये गये थे और इस सदन में पेश विधेयक में दो संशोधन और जोडे गये हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी कानून में प्रावधानों पर विचार करने और उसे सरल बनाने पर सुझाव देने के लिए शीघ्र एक समिति गठित की जायेगी।
---------------------
1:30 pm | कराची हमले पर पीएम मोदी ने कहा - पाकिस्तानी जनता के साथ है भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कराची में शिया इस्माइली समुदाय को निशाना बनाकर किए गए हमले की निंदा की है और कहा है कि दुख की इस घडी में भारत पाकिस्तान की जनता के साथ दृढतापूर्वक खडा है। मोदी ने कहा, ‘‘कराची में हुआ हमला बेहद दुखद और निंदनीय है। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दुख की इस घडी में हम पाकिस्तान के लोगों के साथ दृढतापूर्वक खडे हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
---------------------
12:30 pm | बिना मोदी की मदद के अयोध्या में राममंदिर बनाएंगे: शंकाराचार्य
दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए हिंदू धार्मिक नेताओं ने कहा कि अगर उच्चतम न्यायालय उनके पक्ष में निर्णय देता है तो वे किसी राजनीतिक मदद के बिना अयोध्या में ‘भगवान के जन्मस्थान’ पर राम मंदिर का निर्माण करेंगे। यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के उस कथन की पृष्ठभूमि में आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार राज्यसभा में बहुमत के बिना राम मंदिर पर कानून नहीं ला सकती। हिंदू धर्म संसद को संबोधित करते हुए द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने भाजपा नेताओं से कहा कि वे राम मंदिर के निर्माण की बात करना बंद करें।
---------------------
12:00 pm | नेपाल भूकंप : विदेश मंत्रालय ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर्स
नेपाल में मंगलवार को आए भूकंप नए झटकों के मद्देनजर पीड़ितों की सहायता के लिए विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली एवं नेपाल में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। इस भूकंप में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है और 1000 से ज्यादा लोग घायल हैं। मंत्रालय की ओऱ से जारी हेल्पलाइन नंबर्स हैं- +91 11 2301 2113 ; +91 11 2301 4104 ; +91 11 2301 7905
---------------------
11:30 am | रॉबर्ट वाड्रा पर शिकंजा: अब लैंड डील की जांच करेगा विशेष आयोग
सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा के हरियाणा में हुई लैंड डील्स की जांच अब उच्चस्तरीय कमीशन करेगा। यह कमीशन उन लैंड डील्स की जांच करेगा जो भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सरकार के कार्यकाल के दौरान किये गये। हरियाणा सरकार इस पैनल के गठन के आखिरी चरण पर है। सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार एक हफ्ते के अंदर नोटिफिकेशन जारी कर देगी, जिसके बाद यह कमिशन तुरंत जांच शुरू कर देगा। इसकी अध्यक्षता रिटायर्ड जज करेंगे। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार एक सप्ताह में इसकी जांच शुरू हो जायेगी। खट्टर सरकार इस जांच कमीशन की टर्म्स ऑफ रेफरेंस पहले ही तैयार कर चुकी। अब केंद्र को इसमें मुहर लगाना बाकि है।
---------------------
11:00 am | ताजमहल मकबरा है या मंदिर: आज फिर होगी सुनवाई
ताजमहल या तेजो महालय मामले में बुधवार को आगरा में सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में सुनवाई होगी। अभी तक प्रतिवाद दाखिल न होने के कारण एकपक्षीय सुनवाई के लिए प्रार्थनापत्र दिया जाएगा। बता दें कि ताज को तेजोमहालय घोषित करने के लिए लखनऊ के वकील हरीशंकर जैन द्वारा सिविल जज सीनियर डिवीजन के न्यायालय में आठ अप्रैल को केस दायर किया गया था। अदालत ने गृह, संस्कृति मंत्रालय और एएसआई को नोटिस जारी करते हुए छह मई तक प्रतिवाद दाखिल करने को कहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब एकपक्षीय सुनवाई के लिए बुधवार को प्रार्थनापत्र दिया जाएगा।
---------------------
10:30 am | गूगल का हैदराबाद में दूसरा सबसे बड़ा कैंपस
इंटरनेट कंपनी गूगल हैदराबाद में 1000 करोड़ रुपये के निवेश से अपना कैंपस स्थापित करेगी। गूगल का यह अमेरिका के बाहर सबसे बड़ा कैंपस होगा। अमेरिका की यात्रा पर गए तेलंगाना के आईटी मंत्री केटी रामाराव ने ट्विटर पर यह जानकारी दी। मंत्री के अनुसार, गूगल अपने कर्मचारियों की संख्या चार साल में 6500 से बढ़ाकर 13 हजार करेगी। मंत्री ने बताया कि गूगल मुख्यालय में राज्य के आईटी सचिव जयेश रंजन तथा गूगल के उपाध्यक्ष डेविड रेडक्लिफ ने इस आशय के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
---------------------
10:00 am | पूर्वोत्तर जापान में 6.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार पूर्वोत्तर जापान के तटीय क्षेत्र में बुधवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किये गये जिसकी तीव्रता रियेक्टर स्केल पर 6.8 मापी गयी। इस भूकंप से ऑफुनातो शहर के दक्षिण पूर्व में 33 किलोमीटर क्षेत्र प्रभावित हुआ फिलहाल इस भूकंप से किसी जानमाल की क्षति की खबर नहीं है, न हीं अधिकारियों ने सुनामी आने की चेतावनी जारी की है। यूएसजीएस की माने तो भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजकर 12 मिनट पर प्रशांत महासागर में जापान के होंशु द्वीप के पूर्वी तट के पास आया जिसकी गहराई 38.9 किलोमीटर थी।
---------------------
9:30 am | रक्षा खरीद परिषद की बैठक में आज होंगे बड़े फैसले
सरकार बुधवार को होनेवाली रक्षा खरीद परिषद की बैठक में भारतीय नौसेना को 2700 करोड़ रुपये के छह नये ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल देने का रास्ता साफ कर सकती है। इसके अलावा सेना को बीएई एम 777 अल्ट्रा लाइट होवित्जर देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है। रक्षा सूत्रों ने कहा कि 2.5 अरब एवरो स्थानापन्न कार्यक्रम के मुद्दे पर भी चर्चा की जा सकती है। एवरो के अलावा बड़े प्रस्तावों में 89 सुपरसोनिक मिसाइल के साथ छह नयी ब्रह्मोस प्रणालियां देने का प्रस्ताव भी शामिल है।

No comments:

Post a Comment