Monday, 25 May 2015

बहन के रिसेप्शन में पहुंचे सलमान खान, हिमाचल सरकार ने बनाया सरकारी मेहमान

मंडी (हिमाचल प्रदेश). बॉलीवुड एक्टर सलमान खान अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा के रिसेप्शन में शामिल होने के लिए सोमवार दोपहर हिमाचल प्रदेश पहुंचे। उन्‍हें हिमाचल प्रदेश सरकार ने 'स्टेट गेस्ट' यानी सरकारी मेहमान का दर्जा दिया है। वह राज्य सरकार के हेलिकॉप्टर में ही धर्मशाला से मंडी के सुंदरनगर पहुंचे।
अर्पिता खान की शादी सीनियर कांग्रेसी नेता सुखराम के पोते आयुष शर्मा से बीते साल 18 नंवबर को हुई थी। शादी के 7 महीने बाद मंडी में रिसेप्शन रखा गया है। आयुष के पिता अनिल शर्मा हिमाचल सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। मंडी में उनका रिसेप्‍शन सलमान के कानूनी उलझनों में फंसे होने के कारण अब तक नहीं किया गया था। लेकिन, पिछले दिनों जब हिट एंड रन केस में सजा पाने के बाद सलमान हाईकोर्ट से जमानत पा गए, तब यह कार्यक्रम रखा गया।
रिसेप्शन में नहीं आ पाएंगे सीएम
रिसेप्शन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नहीं पहुंच पाएंगे। शर्मा परिवार ने सीएम को आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यालय के अनुसार, वह आधिकारिक कामों में व्यस्त होने की वजह से रिसेप्शन में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि राज्य के कई मंत्रियों, विधायकों, उद्योगपतियों व सदर हलके की जनता रिसेप्शन में पहुंचेगी। पंडित सुखराम व अनिल शर्मा ने लोगों को अलग-अलग निमंत्रण दिया है। कुल 20 हजार से ज्‍यादा कार्ड बांटे गए हैं।
आयुष-अर्पिता संग मंडी पहुंचा खान परिवार
रिसेप्‍शन के लिए सलमान को छोड़ पूरा खान परिवार आयुष शर्मा व अर्पिता खान के साथ रविवार को मंडी पहुंचा। अर्पिता की दोनों मां सलमा खान व हेलन खान, भाई सोहेल खान, अरबाज खान, भाभी मलाइका अरोड़ा खान, सीमा खान, बहन अलबीरा व जीजा अतुल अग्निहोत्री के अलावा दो दर्जन नजदीकी रिश्तेदार व दोस्त भी रिसेप्शन के लिए मंडी पहुंचे हैं।

No comments:

Post a Comment