Sunday, 5 April 2015

VIP कल्चर का विरोध करने वाले केजरीवाल के कार्यक्रम में दिखी वीवीआईपी एंट्री

नई दिल्ली: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एंटी करप्शन हेल्पलाइन 1031 को दोबारा से लॉन्च किया। कार्यक्रम राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित हुआ। कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन ने तालकटोरा स्टेडियम के बाहर की कुछ तस्वीरें ट्वीट कीं, जिसमें वीआईपी और वीवीआईपी पार्किंग और एंट्री के बोर्ड नजर आए। स्टेडियम में करीब 3 हजार लोग मौजूद थे। इसके अलावा, कुछ लोग बाहर भी खड़े थे। सीएम केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, आप के 67 एमएलए और दिल्ली सरकार के विभिन्न अधिकारियों ने वीवीआईपी पार्किंग का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस ने साधा निशाना, आप ने दी सफाई
अजय माकन ने अपने ट्वीट में लिखा, ''अभी मैं तालकटोरा स्टेडियम के पास से गुजरा। इन तस्वीरों को देखिए। कैसे 50 दिनों के अंदर आम आदमी पार्टी वीआईपी और वीवीआईपी की पार्टी बन गई है।'' हालांकि, आम आदमी पार्टी ने आरोपों का खंडन किया है। आप लीडर आदर्श शास्त्री ने वीआईपी पार्किंग को सही ठहराते हुए कहा, ''हम वीआईपी कल्चर को बढ़ावा नहीं देते, लेकिन सरकार के स्मूथ वर्किंग के लिए कुछ चीजें जरूरी है। '' वहीं, आप प्रवक्ता दिलीप पांडे ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। कार्यक्रम में आने वाला व्यक्ति कहीं भी बैठ सकता था। पांडे ने कहा, ''हम पर वीआईपी कल्चर का आरोप लगाने वाले लोगों को खुद में झांककर देखना चाहिए। अगर वे ऐसा करेंगे तो पाएंगे कि उन्होंने दशकों से वीआईपी कल्चर को जिंदा रखा है। सत्ता में आने के बाद हमने तो बंदिशों को खत्म किया है।''

No comments:

Post a Comment