नई दिल्ली। बाबा
रामदेव की कंपनी ‘दिव्य फार्मेसी’ द्वारा बनाई जा रही एक दवा को लेकर
गुरुवार को राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। जेडीयू सांसद केसी त्यागी यह दवा
सदन में लेकर आए और उन्होंने इस पर तुरंत बैन लगाने की मांग की। गुलाम
नबी आजाद, जया बच्चन और जावेद अख्तर समेत पूरे विपक्ष ने सरकार से रामदेव
के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सरकार की ओर से स्वास्थ्य
मंत्री ने जांच का आश्वासन और कार्रवाई का भरोसा दिया है।
दिव्य फार्मेसी ने दी सफाई
दिव्य फार्मेसी के मुताबिक 'दिव्य पुत्र बीजक' दवा महिलाओं के मासिक
चक्र को नियमित करने के साथ ही हार्मोन्स को नियंत्रित करती है। महिलाओं
में बांझपन (इन्फर्टिलिटि) की समस्या दूर करने के लिए यह दवा बनाई गई है।
फार्मेसी का दावा है कि यह दवा बेटा पैदा करने के लिए नहीं बनाई गई है। 35
रुपए की यह दवा कमजोरी दूर करती है और महिलाओं में सेक्स की इच्छा बढ़ाती
है।
हरियाणा में मांग ज्यादा
वैसे खास बात यह है कि इस दवा की हरियाणा में काफी मांग है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण तथ्य है कि देश में सबसे कम लिंगानुपात हरियाणा में ही है। बता दें कि हरियाणा सरकार ने कुछ दिन पहले ही रामदेव को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। इतना ही नहीं सरकार ने योग को प्रमोट करने के लिए उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया हालांकि रामदेव ने इसे लेने से इनकार करते हुए कहा कि वह बाबा हैं और बाबा ही रहना चाहते हैं।
No comments:
Post a Comment