Saturday, 4 April 2015

धोनी बोले- अब रैना भी फंसा, साक्षी ने कहा- अब आएगा मजा

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना की शुक्रवार रात उनके बचपन की दोस्त प्रियंका से शादी हुई। शादी में क्रिकेटरों के जमावड़े से लोगों और खासतौर से छोटे बच्चों में काफी जोश दिखा। सभी लोग खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाने के साथ ऑटोग्राफ भी ले रहे थे। दुल्हा बने सुरेश रैना से भी लोग ऑटोग्राफ लेना चाह रहे थे लेकिन रैना ने ऑफर दिया कि ऑटोग्राफ के बदले फोटो खिंचवा लो। महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ स्‍टेज पर पहुंचे तो धोनी ने मजाक में कहा कि अब रैना भी फंस गया है, तभी साक्षी बोलीं- अब मजा आएगा। रैना के दोस्‍त कपिल गोयल के अनुसार शादी में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की भी आने की चर्चा थी, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
शादी में खेल, फिल्म और राजनीतिक जगत की कई नामी हस्तियां शरीक हुईं। रात नौ बजे के करीब रैना की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथी क्रिकेटर, टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, ड्वेन ब्रावो और मोहित शर्मा के अलावा टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग होटल लीला पैलेस पहुंचे। शिखर ध्यान, आशीष नेहरा, इशांत शर्मा, युवराज सिंह, इरफान पठान, मोहित शर्मा, उमेश यादव, प्रवीण कुमार, सुदीप त्यागी, अंबाती रायडू , एन श्रीनिवासन, स्टीफन फ्लेमिंग,माइकल हसी, डेवेन ब्रावो, किरन पोलार्ड, रेसलर सुशील कुमार आदि शादी में शामिल हुए।
राजनीतिक हस्तियों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, ज्योति राजे सिंधिया चौधरी अजित सिंह, जंगदम्बिका पाल, बागपत के सांसद और मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर सतपाल समेत तमाम लोग पहुंचे।
आईपीएल के बाद ही हनीमून पर जाएंगे रैना
रैना शादी से पहले चेन्नई में अपनी आईपीएल टीम के साथ ट्रेनिंग कैंप में शामिल हुए। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वह चेन्नई से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। बता दें कि रैना की टीम चेन्नई सुपर किंग्स 9 अप्रैल को अपना पहला मैच खेलेगी। इस वजह से रैना को फिलहाल हनीमून का प्रोग्राम टालना पड़ा है। टूर्नामेंट खत्म होने के बाद वह मिलान (इटली) जाने की योजना बना रहे हैं।
2008 में 5 मिनट के लिए मिले थे रैना-प्रियंका
इससे पहले, रैना ने एक इंटरव्यू में बताया कि प्रियंका और वह, दोनों बचपन के दोस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों ज्यादा टच में नहीं रहे। रैना के मुताबिक, ‘‘मैं प्रियंका को लंबे समय से जानता हूं, लेकिन काफी समय तक हम दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं हो पाया।’’ रैना ने बताया, ‘‘2008 में प्रियंका और मैं दिल्ली एयरपोर्ट पर मिले थे। प्रियंका नीदरलैंड जा रही थीं और मैं आईपीएल के लिए बेंगलुरु जा रहा था। एयरपोर्ट पर हम बस पांच मिनट के लिए मिले। इससे पहले मैं उनसे बचपन में ही मिला था।’’
रैना ने कहा, यह अरेंज मैरेज
उन्होंने बताया, ‘‘गाजियाबाद में प्रियंका के पिताजी मेरे स्पोर्ट्स टीचर थे और मेरी मां और प्रियंका की मां एक-दूसरे को बहुत अच्छे से जानती थीं।’’ रैना का कहना है कि वह इसे अरेंज मैरेज कहना पसंद करेंगे, क्योंकि दोनों परिवार लंबे समय से एक-दूसरे को बहुत अच्छे से जानते थे। रैना ने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया में थे, जब उनकी मां ने प्रियंका को अपनी बहू के रूप में चुना। रैना के मुताबिक, ‘‘मैं पांच महीनों से ऑस्ट्रेलिया में था। सबकुछ मां ने फिक्स किया। मैं कुछ नहीं जानता था। मां ने मुझे फोन कर बताया कि उन्होंने मेरी शादी मेरी बचपन की एक दोस्त के साथ तय कर दी है। उसके बाद ही मैंने प्रियंका से फोन पर बात की।’’
‘प्रियंका के साथ ज्यादा समय नहीं गुजार सका’
रैना ने बताया, "मैंने मां से कहा कि तुम जो भी करोगी अच्छा करोगी, लेकिन मैं एक बार उससे बात करना चाहता हूं। लड़की के साथ कुछ वक्त गुजारना बहुत जरूरी है, क्योंकि क्रिकेटर की लाइफ बहुत हेक्टिक होती है।" रैना के मुताबिक, उन्हें अब भी प्रियंका के साथ कुछ वक्त गुजारने का मौका नहीं मिला है। रैना ने कहा, ‘‘विश्व कप के बाद मैं सिर्फ आधे घंटे के लिए उससे मिला हूं। उम्मीद है अब मैं उसे देख पाऊंगा।’’
‘क्रिकेट से ज्यादा प्रियंका को पसंद है फुटबॉल’
यह पूछने पर कि क्या प्रियंका भी क्रिकेट की शौकीन हैं, रैना ने बताया कि प्रियंका को फुटबॉल ज्यादा पसंद है। रैना ने बताया, ‘‘प्रियंका मेसी और वेन पेरसी की फैन हैं। वह मुझसे प्यार करती हैं, लेकिन इसलिए नहीं कि मैं एक क्रिकेटर हूं।’’

No comments:

Post a Comment