Monday, 6 April 2015

विराट को लेकर विवाद, उत्तराखंड के चारधाम का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का विरोध

देहरादून. टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को 'देवभूमि' उत्तराखंड के चारधाम (गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ) का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर विवाद शुरू हो गया है। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री दिनेश धनै इस बात से काफी नाराज हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में यहां तक कह दिया कि उन्हें नहीं पता कि कौन है ब्रांड एंबेसडर। धनै ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बारे में मुझसे कोई राय नहीं ली है। हालांकि, थोड़ी देर बाद उनका तेवर बदल गया और उन्होंने कहा, 'विराट कोहली को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का फैसला मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लिया है। वह इस फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन बिना पर्यटन मंत्री को विश्वास में लिए इस तरह का निर्णय सही नहीं है।'
21 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा से पहले विवाद
21 अप्रैल से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। शुक्रवार देर शाम क्रिकेटर विराट कोहली को देवभूमि उत्तराखंड का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। विराट ने भी मेल का जवाब देकर सहमति दे दी।
'हिमालय से बड़ा कोई ब्रांड नहीं'
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी विराट पर परोक्ष रूप से तंज कसा। किशोर ने कहा, 'हिमालय खुद अपने आप में ब्रांड एंबेसडर है। मां गंगा, पीरान कलियर और चारधाम से बड़ा कोई ब्रांड एंबेसडर नहीं हो सकता। हालांकि, सेवा भाव से अगर कोई भी बड़ा नाम इससे जुड़ता है तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है।'
इधर IPL की तैयारी में बिजी विराट, पहला मैच CSK से
विराट कोहली आईपीएल-8 की तैयारी में बिजी हैं। बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने तैयारी के बारे में कहा, "रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु पूरी तरह तैयार है। डेरेन सैमी और एस. बद्रीनाथ जैसे नए खिलाड़ियों के आने के बाद टीम और भी बेहतर हो गई है।" कोहली ने कहा, "यह सत्र हमारे लिए काफी अलग होगा, क्योंकि पिछले तीन या चार साल में मैं, क्रिस और एबी काफी दबाव में खेले, क्योंकि बल्लेबाजी हम तीनों के चारों तरफ घूमती है।" उन्होंने कहा, "हमें सतर्क रहना होता था और साथ ही रन बनाने की कोशिश करनी पड़ती थी, जिससे कई बार हम पर दबाव आ जाता था, लेकिन इस बार बल्लेबाजी क्रम में हमारे पास दिनेश कार्तिक, डेरेन सैमी, बद्रीनाथ और मनदीप सिंह जैसे युवा खिलाड़ी हैं।" बता दें कि आरसीबी का पहला मुकाबला 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से है।

No comments:

Post a Comment