Monday, 6 April 2015

इशांत शर्मा बोले- धोनी के कहने पर 24वीं मंजिल से कूद जाऊंगा

नई दिल्ली. तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर खास बयान दिया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, "धोनी मेरे बड़े भाई जैसे हैं। उनके एक बार कहने पर मैं बिना कुछ सोचे-समझे 24वीं मंजिल से भी कूद जाऊंगा।" बता दें कि वर्ल्ड कप-2015 से ठीक पहले इशांत को चोट के कारण वापस भारत लौटना पड़ा था। अब इशांत इंडियन प्रीमियर लीग के आठवें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के जरिए क्रिकेट में वापसी करने को बेताब हैं।
इशांत ने कहा- माही भाई ने मुझे निराशा से उबरने में की मदद
दिल्‍ली के तेज गेंदबाज ने एक सवाल के जवाब में कहा, "माही भाई (एमएस धोनी) ने चोट के दौरान मुझे काफी संभाला। अगर धोनी भाई जैसा कप्‍तान आपको 24वीं मंजिल से छलांग लगाने को कहे, तो आप कूदने के लिए जरूर तैयार रहोगे। उन्होंने निराशा से उबरने में मेरी काफी मदद की।" इशांत ने कहा, "वर्ल्ड कप-2015 में नहीं खेल पाना काफी निराशाजनक है। मुझे 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप में टीम में जगह नहीं मिली थी। इस बार मेरे लिए मौका था, लेकिन चोट के कारण यह मौका भी चला गया।
10 ओवर से अधिक फेंकने से किया गया है मना
इशांत ने कहा, "मुझे बॉलिंग करना पसंद है। लेकिन चोट के कारण फिजियो ने मुझे एक दिन में 10 ओवर से अधिक फेंकने से मना किया है। यह अलग बात है कि मैं ज्‍यादा ही गेंदबाजी कर रहा हूं। मुझे पता है कि चोट से बचने के लिए अपने काम के बोझ पर नजर रखनी चाहिए। अभी मैं सिर्फ 26 वर्ष का हूं। मुझे नहीं लगता कि क्रिकेट के किसी प्रारूप को खेलना छोड़ दूं।"

No comments:

Post a Comment