Monday, 6 April 2015

महिला कांग्रेसी विधायक से निकले 4552 कार चुराने वाले के रिश्ते, दर्ज हैं 3500 केस

गुवाहाटी. असम, दिल्ली, महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों से करीब साढ़े चार हजार से ज्यादा कार चुराने का आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्तार में आ ही गया। अनिल चौहान नाम के इस आरोपी को गुवाहाटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अनिल चौहान के एक महिला कांग्रेसी विधायक से नजदीकी रिश्ते होने की बात सामने आई है। पुलिस जहां इस मामले की जांच कर रही है, वहीं असम के स्पीकर प्रणब गोगोई ने विधायक से इस बारे में 8 अप्रैल तक अपना जवाब देने को कहा है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल ने पुलिस के सामने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने 4552 कारें चुराकर बेच दीं। पुलिस के मुताबिक, अनिल चौहान का नेटवर्क दिल्ली से लेकर असम और महाराष्ट्र तक फैला हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, अनिल के असम में बोरखोला से कांग्रेस की विधायक रुमी नाथ से भी अच्छे संबंध थे और उसने नाथ को एक महंगी कार भी बेची थी। समझा जा रहा है कि उसने वह कार भी चुराई थी और विधायक को बेच दी थी। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि 2013 से नाथ की सिफारिश पर अनिल को तीन मौकों पर विधानसभा के पास जारी किए गए थे। पहला पास अनिल को नाथ के ड्राइवर के तौर पर जारी हुआ था। दूसरी बार उसके नाम जो पास जारी हुआ था, उसमें उसे कार का मालिक बताया गया था। अंतिम पास 29 जनवरी 2015 में जारी हुआ था।
अनिल के खिलाफ दर्ज हैं साढ़े तीन हजार मामले
अनिल के खिलाफ दिल्ली से लेकर असम तक कई राज्यों में साढ़े तीन हजार मामले दर्ज हैं। कई राज्यों की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। अनिल के खिलाफ दर्ज मामलों में करीब 400 तो सिर्फ दिल्ली के ही हैं।
चोरी के अलावा अनिल की तलाश एक पुलिस अफसर पर गोली चलाने के मामले में भी थी। कुछ साल पहले अनिल को गोरचौक इलाके में जब पुलिस ने कार चुराने से रोकने की कोशिश की थी तो अनिल ने एक पुलिस वाले पर गोली चला दी थी। जानकारी के मुताबिक अनिल पर अपनी पहली पत्नी की हत्या का भी आरोप है, जबकि उसकी दूसरी पत्नी फरार है।

No comments:

Post a Comment