Monday, 6 April 2015

जम्मू-कश्मीर : एक दिन में तीन आतंकी हमले, तीन पुलिसवालों की मौत, दो घायल

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सोमवार को तीन घंटे के अंदर तीन आतंकी हमले हुए। आतंकियों ने पुलिसवालों के अलावा एक आम नागरिक को भी निशाना बनाया। हमले में तीन पुलिसवालों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
पहला हमला उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में हुआ। आतंकी एक चलती बस में पुलिसवाले को गोली मारकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, बस श्रीनगर से सोपोर जा रही थी। मिरगुंड के करीब दो आतंकवादी बस में चढ़े और गुलाम मुस्तफा नाम के सब इंस्पेक्टर पर गोली चला दी। इसके बाद वे सोपोर के करीब बस रुकवाकर फरार हो गए। घायल पुलिसवाले को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दूसरा हमला शोपियां जिले में हुआ। आतंकियों ने तीन पुलिसवालों की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने पुलिस बल पर उस वक्त हमला किया, जब वे पैट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। वहीं, तीसरा हमला त्राल में हुआ। कुछ अज्ञात लोगों ने एक आदमी पर गोली चला दी, जिसमें वह गंभीर तौर पर घायल हो गया।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य में तीन आतंकी हमलों को लेकर अपनी संवेदना जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट किया, ''ऐसी घटनाएं हमें कश्मीर में मौजूद चुनौतियों की याद दिलाती रहती हैं। एक ओर जहां हम रंगों से भरा बसंत मना रहे हैं और टूरिस्टों का सीजन है, तो दूसरी ओर हमारे बहादुर पुलिसकर्मी मारे जा रहे हैं। शोपियां में मारे गए तीन पुलिसकर्मियों के परिवार वालों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।''

No comments:

Post a Comment