Wednesday, 15 April 2015

22 लाख में बिका विजय माल्या का पर्सनल जेट, कबाड़ के लिए हो रहे टुकड़े

मुंबई: मशहूर उद्योगपति विजय माल्या की रईसी का कभी प्रतीक रहा एक 11 सीटर जेट कबाड़ में बिक गया है। माल्या की कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस के बंद होने जाने के बाद अपना बकाया वसूलने के लिए मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (एमआईएएल) ने 22 लाख रुपए में इस जेट को कबाड़ में बेच दिया है।
प्लेन को मुंबई के उपनगरीय कुर्ला इलाके की एक कंपनी ने खरीदा है। उसे उम्मीद है कि जेट को तोड़कर कबाड़ में बेचने पर उसे मुनाफा होगा। कंपनी के श्रमिक बीते 6 अप्रैल से इस जेट को तोड़ने का काम कर रहे हैं। जेट को तोड़ने के काम में लगे श्रमिकों के सुपरवाइजर ने एक अंग्रेजी प्रकाशन से बातचीत में कहा कि वे फिलहाल इंजन को तोड़ने का काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इंजन को तोड़ना सबसे मुश्किल हिस्सा होता है। उम्मीद है कि जेट से 6.5 टन स्क्रैप मेटल हासिल होगा। एक अन्य सुपरवाइजर ने बताया कि एक बार पूरी तरह से जेट को तोड़ने के बाद इसे कुर्ला के खैरानी रोड ले जाया जाएगा। वहां स्थित कंपनी के यार्ड में इसे डंप कर दिया जाएगा।

यह है प्लेन की कहानी
माल्या का यह 11 सीटर प्लेन करीब 30 साल पुराना है। जेट का वजन 11 हजार 590 किलो है। शुरुआत में यह ओबेरॉय ग्रुप का था। बाद में इसे माल्या की कंपनी युनाइटेड स्पिरिट ने 2005 में खरीद लिया। किंगफिशर एयरलाइंस के बंद हो जाने के बाद एयरपोर्ट के किराए और अन्य बकाए का भुगतान करने में कंपनी के असमर्थ रहने पर 11 दिसंबर 2012 को इस जेट समेत 7 को एमआईएएल ने जब्त कर लिया था। बकाया करीब 53 करोड़ रुपए का था। एमआईएल ने दिसंबर 2014 में इस जेट की नीलामी के लिए बोली लगवाई। बाद में इसे साइलेंट एंटरप्राइजेस को 22 लाख रुपए में बेच दिया।

No comments:

Post a Comment