Friday, 9 January 2015

बॉलीवुड के धमाल से झूमा मुलायम का गांव

सैफई महोत्सव बृहस्पतिवार को पूरे शबाब पर पहुंच गया। एक-एक कर आठ चार्टर्ड प्लेन फिल्मी सितारों को लेकर उतरे तो लगा जैसे सैफई की सरजमीं पर बॉलीवुड उतर आया है। शाम को सैफई महोत्सव के मंच पर फिल्मी सितारों ने धमाकेदार प्रस्तुतियां देकर बॉलीवुड नाइट को यादगार बना दिया। दिग्गज सितारों को देखने और सुनने के लिए उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए।
बॉलीवुड नाइट की शुरुआत बोमन ईरानी व हुमा कुरैशी ने होस्टिंग के साथ की।
दोनों कलाकारों की नोकझोंक भरी चुहलबाजी ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। अरिजीत सिंह ने आशिकी-2 के गीत 'क्यूंकि तुम ही हो...' सहित आधा दर्जन गाने गाकर लोगों को खूब झुमाया। उनके बाद मंच पर नतासा व रिया चक्रवर्ती ने अपने साथी कलाकारों के साथ ग्रुप डांस कर समां बांध दिया। फिर राना और आजाद ने बेड सालसा डांस कर लोगों को अचरज में डाल दिया।
इसके बाद कोरियोग्राफर श्यामक डावर ने अपने 120 साथी कलाकारों के साथ मंच पर कई गाने गाकर कोरियोग्राफी का अनूठी मिसाल पेश की। मंच पर मिस श्रीलंका जैकलिन फर्नांडीज ने धमाकेदार प्रस्तुतियों से ऐसा जलवा बिखेरा कि दर्शक झूमने पर विवश हो गए। झलक दिखला जा की विजेता रहीं लॉरेंस ने चिकनी चमेली..., घाघरा वाया आगरा..., राधा नाचेगी..., चोली के पीछे क्या है... जैसे गानों पर नृत्य कर बॉलीवुड नाइट में चार चांद लगा दिए। मंच पर देर रात परिणीति चोपड़ा, रितिक रोशन, सुशांत सिंह राजपूत उतरे तो लोग झूम उठे। रितिक ने कहा, उन्हें उत्तर प्रदेश के लोगों का प्यार यहां पर दोबारा खींच लाया है। उन्होंने अपनी फिल्मों के चर्चित गीतों के मुखड़ों पर शानदार डांस पेश किया। इसके पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव व सांसद धर्मेंद्र यादव ने दीप जलाकर बॉलीवुड नाइट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले सैफई रेडियो सेवा का शुभारंभ भी किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बन रही फिल्म थोड़ा लुत्फ थोड़ा इश्क का ट्रेलर भी लांच किया।

No comments:

Post a Comment