नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल को उनके उस कथित भाषण पर चुनाव आचार संहिता का प्रथम दृष्टया उल्लंघन करने के लिए नोटिस जारी किया, जिसमें उन्होंने मतदाताओं से कहा था कि वह भाजपा और कांग्रेस से पैसे लें लें लेकिन वोट सिर्फ आप को दें। पिछले तीन दिनों के अंदर केजरीवाल को चुनाव आयोग का यह दूसरा नोटिस है। चुनाव आयोग ने नोटिस में कहा कि उत्तम नगर में 18 जनवरी को एक आम सभा के दौरान दिया गया भाषण जनप्रतिनिधित्व कानून के उपयुक्त धाराओं के तहत ‘रिश्वतखोरी के चुनावी अपराध के लिए उकसाने और बढ़ावा देने के समान है।’ केजरीवाल के जिस भाषण को लेकर आयोग ने उन्हें यह नोटिस दिया है, उसमें केजरीवाल ने कहा था, ‘यह चुनाव का समय है। जब भाजपा और कांग्रेस दोनों के लोग पैसे दें तो इनकार न करें, उनसे पैसे ले लें...किसी ने 2जी घोटाले से पैसे लूटे हैं तो किसी ने कोयला घोटाले से पैसे लूटे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘दोनों पार्टियों से पैसे लें लेकिन वोट ‘आप’ को दें। इस बार हम उन्हें बेवकूफ बनाएंगे। वे पिछले 65 साल से हमें ठगते रहे हैं। अब हमारी बारी है।’ आयोग ने कहा कि उसकी प्रथम दृष्टया यह राय है कि यह बयान देकर केजरीवाल ने आदर्श आचार संहिता के प्रावधान का उल्लंघन किया है। दिल्ली में सात फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां चुनाव आचार संहिता लागू है।
No comments:
Post a Comment